Thursday, November 12खबर जो असर करे |
Shadow

फसल नुकसान आंकलन सर्वे जारी, धमतरी में 4500 किसान शिकायत कर चुके हैं

धमतरी, 11 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। अर्णब चक्रवात की तीव्र वर्षा ने धमतरी, कुरूद, नगरी, मगरलोड, भखारा, बेलरगांव और कुकरेल सहित सभी तहसीलों में धान की फसल को भारी क्षति पहुँचाई। जलभराव के कारण तैयार धान फसल जमीन पर गिरकर पानी में डूब गई, जबकि लेट वेरायटी की हरी फसल भी जल में डूबी रही। फसल की कटाई के बाद खेतों में रखे करपा भी लगातार बारिश से भीगते रहे, जिससे कई जगह धान की गड़बड़ी और सड़न देखी गई। इस नुकसान को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के सभी कलेक्टरों को फसल नुकसान का तत्काल आंकलन करने का निर्देश दिया।

परिणामस्वरूप धमतरी जिले में फसल नुकसान आंकलन सर्वे चालू किया गया, पर अभी तक सर्वे पूर्ण नहीं हो पाया है। भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 पर जिला के 4500 किसान ने अपनी फसल क्षति की जानकारी देकर शिकायत दर्ज कराई। इन शिकायतों को कृषि विभाग, राजस्व विभाग और बीमा कंपनियों के कर्मचारियों तक पहुँचा दिया गया और धान फसल की स्थिति का सर्वेक्षण शुरू किया गया।

सर्वेक्षण के दौरान कुछ किसानों के खेतों में धान फसल अभी भी खड़ी पाई गई, जबकि कई जगह फसल पानी में डूबी हुई थी। पानी में डूबी फसल के लिए पीएम फसल बीमा योजना के नियमानुसार बीमा लाभ नहीं दिया जाएगा, जबकि कटाई के बाद करपा में डूबी और भीगी फसल वाले किसानों को इस योजना के तहत चिन्हांकित किया गया है। वर्तमान में बीमा लाभार्थी किसानों की अंतिम सूची तैयार नहीं हुई है, क्योंकि सर्वे अभी भी जारी है।

कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग की जानकारी के अनुसार, टोल फ्री नंबर पर की गई शिकायतों के आधार पर सर्वे आगे बढ़ रहा है और सभी प्रभावित किसानों को उचित राहत तथा बीमा लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *