Thursday, November 12खबर जो असर करे |
Shadow

मुरैना में बस ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचला, दोनों की मौत

मुरैना। तेज रफ्तार बस ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। कज्जोनी में मंदिर से दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार पिता-पुत्र की बालाजी बस की टक्कर जान चली गई, जबकि बुजुर्ग मां गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। इस हादसे ने उस परिवार को फिर कभी न भरने वाला जख्म दे दिया, जिसने पहले भी सडक़ दुर्घटनाओं में अपने बेटे और बहू को खोया था। अब परिवार में बुजुर्ग माता-पिता और 16 साल की बेटी ही बची है। सबलगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को दोपहर लगभग 1.30 बजे पीपल वाली चौकी के पास एमएस रोड पर दर्दनाक हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बामसौली के मजरा टोला नंदापुरा निवासी रघुराज कुशवाहा (40) अपने 14 वर्षीय बेटे लवकुश कुशवाहा और 60 वर्षीय मां लोहरी बाई कुशवाहा के साथ मोटरसाइकिल से कज्जोनी मंदिर दर्शन करने गए थे। लौटते समय पीपल वाली चौकी के पास बालाजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रघुराज कुशवाहा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बेटा लवकुश और मां लोहरी बाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर लवकुश को कैलारस रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। लोहरी बाई को ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीछे छूट गई 16 साल की बेटी, परिवार के सामने भविष्य का संकट –
रघुराज अपने पीछे 16 वर्षीय बेटी प्रियंका को छोड़ गए हैं। पिता और भाई की मौत से बच्ची के सिर से परिवार का सहारा उठ गया है। वहीं बुजुर्ग दादा-दादी ने अपने परिवार के दो बेटों और पोते को खो दिया है। मां खुद अस्पताल में भर्ती है। ऐसे में प्रियंका की परवरिश और भविष्य को लेकर परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। एक ही परिवार पर बार-बार टूटी इस त्रासदी से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पहले बड़े बेटे और बहू को खोया, अब छोटे बेटे और पोते की मौत –
इस परिवार पर दुखों का सिलसिला पहले से ही जारी था। रघुराज के बड़े भाई सुरेश कुशवाहा की बेंगलुरु में सडक़ दुर्घटना में मौत हो चुकी है। इसके बाद रघुराज की पत्नी ममता कुशवाहा की भी सडक़ हादसे में जान चली गई थी। अब परिवार के दूसरे बेटे और पोते की भी हादसे में मौत हो गई। लगातार दुर्घटनाओं ने बुजुर्ग पिता प्रीतम कुशवाहा और मां लोहरी बाई को पूरी तरह तोड़ दिया है। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *