Thursday, November 12खबर जो असर करे |
Shadow

नई क्रेटा से लेकर इलेक्ट्रिक SUV तक, हुंडई लॉन्च करेगी 5 नए मॉडल; मिलेंगे कई दमदार फीचर्स

नई दिल्ली। हुंडई मोटर इंडिया आने वाले समय में भारतीय बाजार में कई नए मॉडल उतारने की तैयारी कर रही है। कंपनी की अपकमिंग कारों की लिस्ट में इलेक्ट्रिक SUV से लेकर पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और CNG मॉडल तक शामिल हैं। इनमें नई इलेक्ट्रिक SUV HE1i, अगली जनरेशन की क्रेटा, i20 और ग्रैंड i10 निओस प्रमुख हैं। इसके अलावा कंपनी बेयॉन का CNG वर्जन भी पेश कर सकती है। इन सभी गाड़ियों में डिजाइन, फीचर्स और इंजन के स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। इनमें से कुछ मॉडल 2027 में भारतीय बाजार में दस्तक दे सकते हैं। आइए जानते हैं हुंडई की इन पांच अपकमिंग गाड़ियों की खासियत।

1. हुंडई बेयॉन CNG

हुंडई बेयॉन का CNG वर्जन अगले साल लॉन्च हो सकता है। इसमें 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ फैक्ट्री-फिटेड CNG किट मिलने की संभावना है। CNG टैंक को कार के निचले हिस्से में लगाया जा सकता है, जिससे बूट स्पेस प्रभावित नहीं होगा। इसे मैनुअल गियरबॉक्स के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है।

2. हुंडई HE1i इलेक्ट्रिक SUV

हुंडई की आगामी इलेक्ट्रिक SUV को फिलहाल HE1i कोडनेम दिया गया है। इसका डिजाइन बॉक्सी होगा। इसमें बड़ी विंडो, इलेक्ट्रिक सनरूफ और प्रीमियम केबिन मिलने की उम्मीद है। फीचर्स की बात करें तो इसमें Pleos Connect सिस्टम, स्लिम ड्राइवर डिस्प्ले, लेदरेट अपहोल्स्ट्री, वेंटिलेटेड सीटें, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और ADAS जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसमें 42kWh, 49kWh या 51.4kWh के बैटरी पैक का विकल्प दिया जा सकता है।

3. नई जनरेशन हुंडई क्रेटा

हुंडई की अगली जनरेशन क्रेटा को बिल्कुल नए डिजाइन और अपडेटेड फीचर्स के साथ पेश किया जाएगा। यह K3 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जिसका इस्तेमाल नई किआ सेल्टोस में भी किया गया है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल, 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन के विकल्प मिल सकते हैं। खास बात यह है कि पहली बार क्रेटा में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन पर आधारित स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन भी दिया जा सकता है। इसे 2027 की पहली छमाही में लॉन्च किए जाने की संभावना है।

4. नई जनरेशन हुंडई i20

हुंडई की चौथी जनरेशन i20 को इस साल ब्राजील में पेश किया गया था। इसका डिजाइन मौजूदा मॉडल से काफी अलग और आकर्षक है। इसमें डुअल-पॉड पिक्सल LED हेडलैंप, Y-शेप LED DRL और पूरी चौड़ाई में फैली LED लाइट बार दी गई है। केबिन में दो 10.25-इंच स्क्रीन वाला कर्व्ड डिस्प्ले मिलेगा। इंजन विकल्पों में 1.2-लीटर पेट्रोल और 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन शामिल हो सकते हैं। भारत में इसे 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।

5. नई जनरेशन हुंडई ग्रैंड i10 निओस

हुंडई ने नई जनरेशन ग्रैंड i10 निओस को अगले साल लॉन्च करने की पुष्टि की है। इसमें नए प्लेटफॉर्म के साथ एक्सटीरियर और इंटीरियर में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कार में 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ मैनुअल और AMT गियरबॉक्स का विकल्प मिलने की संभावना है। इसके अलावा कंपनी इसका CNG और CNG-AMT वर्जन भी पेश कर सकती है।

2027 में हुंडई की नई कारों पर रहेगी नजर

हुंडई की आगामी कारों की यह रेंज इलेक्ट्रिक, पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और CNG सेगमेंट में कंपनी की मौजूदगी को मजबूत कर सकती है। खास तौर पर नई क्रेटा का स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन और HE1i इलेक्ट्रिक SUV भारतीय बाजार में कंपनी के लिए अहम साबित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *