Thursday, November 12खबर जो असर करे |
Shadow

पुलिस को चकमा देकर भागा आरोपी को तीन घंटे में दोबारा पकड़ने पर 4.93 ग्राम नशीली दवाओं की बरामदगी

रायपुर, 11 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौदहापारा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर स्थल से फरार हो गया था, परन्तु पुलिस ने केवल तीन घंटे के भीतर उसे दोबारा पकड़ लिया और उसके कब्जे से 4.93 ग्राम ड्रग्स बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को शाम को प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखकर ग्राहक तलाशने की सूचना मिलने पर थाना मौदहापारा और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान के पास दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान आरोपी ने अंधेरी और तंग गलियों का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा दिया और भाग गया।

तत्पश्चात पुलिस ने उसकी त्वरित तलाश शुरू की और लगातार घेराबंदी करते हुए, भागने के लगभग तीन घंटे बाद, काला मैदान के पास उसे फिर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मुशर्फ कादरी (22 वर्ष), पिता मुख्तार खान, निवासी मौदहापारा के रूप में हुई।

अधिकारीयों ने कहा कि आरोपी की निशानदेही पर समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास एक पेड़ के नीचे छिपाए गए पर्स से चार पैकेट में सफेद नशीला पाउडर बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 4.93 ग्राम था। आरोपी ने बताया कि यह एमडीएमए ड्रग्स है।

पुलिस ने आरोपी के साथ नकदी, एक एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और डियो स्कूटी भी जब्त किए। आरोपी को थाना मौदहापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। नशीली दवाओं की सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की जांच और कार्रवाई जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *