Thursday, November 12खबर जो असर करे |
Shadow

14वीं शताब्दी की धरोहर कंदाहा सूर्य मंदिर: प्राचीन प्रतिमा, पौराणिक कुआँ और छठी मैया की अनूठी कहानी

सहरसा, 11 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। कोसी प्रमंडलीय मुख्यालय सहरसा के महिषी प्रखंड अंतर्गत स्थित कंदाहा गाँव, जिसका प्राचीन नाम कंचनपुर एवं सुजालगढ़ बताया जाता है, यहाँ स्थित सूर्य मंदिर ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस मंदिर का निर्माण १४वीं शताब्दी में मिथिला के ओइनवार वंश के राजा हरिसिंह देव के शासनकाल में हुआ, जबकि पौराणिक मान्यता के अनुसार द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब ने इसकी स्थापना की थी।

मंदिर में स्थापित काले पत्थर की दुर्लभ एवं कलात्मक सूर्य प्रतिमा इसकी मुख्य विशेषता है। प्रतिमा में सूर्यदेव के साथ उनकी पत्नियों के रूप में संज्ञा एवं छाया, सात घोड़े और चौदह लगाम अंकित हैं, तथा माथे पर मेष राशि का चिह्न भी बना हुआ है। प्रवेश द्वार की चौखट पर उकेरी गई प्राचीन लिपि इसे ऐतिहासिक रूप से और अधिक महत्वपूर्ण बनाती है, जिससे यह देश के प्रमुख सूर्य मंदिरों में विशेष स्थान रखता है।

पुरातत्व निदेशालय, पटना के तत्कालीन पुरातत्वविद फणिकांत मिश्र ने इस लिपि को दुर्लभ कहा और प्रतिमा को १४वीं शताब्दी की निश्चित किया। १९८५ में इस मंदिर को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के तहत चयनित किया गया, और विद्वानों ने विस्तृत अध्ययन की आवश्यकता पर बल दिया।

ऐतिहासिक दस्तावेज़ों के अनुसार दरभंगा के राजा भवदेव सिंह ने बीमारी से मुक्त होने के बाद मंदिर का जीर्णोद्धार कराया और पंडित बेचू झा को पुजारी नियुक्त किया। वर्तमान में उनके सातवीं पीढ़ी के पंडित बाबूकांत झा ही मंदिर में पूजा‑अर्चना कर रहे हैं।

मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन कुआँ को स्थानीय मान्यता है कि इसके जल से त्वचा एवं घेघा जैसे रोगों में लाभ मिलता है। सफाई के दौरान कई प्राचिक अवशेष, शिलालेख और सूर्य मंत्र अंकित सामग्री मिली, तथा इसी कुएँ से छठी मैया की प्रतिमा प्राप्त हुई। छठ पर्व में खरना के दिन माता षष्ठी की पूजा तथा उसके बाद सूर्योपासना की परम्परा इस स्थल को विशिष्ट बनाती है।

जून २०२६ में सहरसा जिला प्रशासन ने बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग को राज्यस्तरीय छठ महापर्व एवं राजकीय कंदाहा सूर्य महोत्सव आयोजित करने का प्रस्ताव भेजा, परंतु अभी तक कोई आदेश नहीं मिला। इस संदर्भ में महिषी प्रखंड के बीडीओ भरत कुमार सिंह ने कहा, “क्षेत्र के स्वच्छता ग्राही से पोखर व मंदिर की साफ‑सफ़ाई कराई जा रही है। महोत्सव का कोई आदेश नहीं मिला है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *