बिरसा मुंडा के संघर्ष‑बलिदान को जन‑जन तक पहुँचाने, 18 नवंबर तक भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह
बीजापुर, 13 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी ने 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन किया है, जिसमें जनजातीय गौरव दिवस तथा भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती को विशेष महत्व दिया गया है। इस अवधि में देश‑व्यापी रूप से जनजातीय बहुल जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में आज गुरुवार को बीजापुर स्थित अटल सदन कार्यालय में भाजपा की ओर से पत्रकारवार्ता आयोजित की गई।
पत्रकारवार्ता में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और समाज के उत्थान के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है, जिन्होंने अंग्रेजी शासक के खिलाफ जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिये उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। ...
