Saturday, November 14खबर जो असर करे |
Shadow

गुरुवार को हुए बस दुर्घटना में शुक्रवार को 4 और शव बरामद, मरने वालों की संख्या 14 पहुंची

काठमांडू। नेपाल के मकवानपुर जिले के भीमफेदी में बृहस्पतिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। हादसे में जान गंवाने वाले 11 लोगों की पहचान हो चुकी है, जबकि तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, हादसे में मारे गए 10 लोगों के शव हेटौंडा अस्पताल लाए गए थे। इसके बाद आज शुक्रवार को दुर्घटनास्थल से चार और शव बरामद किए गए। सशस्त्र पुलिस बल के संयुक्त प्रवक्ता डीएसपी शैलेन्द्र थापा ने इसकी जानकारी दी। वाहन में कुल 20 लोग सवार थे, जिनमें से 14 की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं।

मकवानपुर पुलिस के प्रवक्ता डीएसपी माधव काफ्ले के अनुसार, हादसे में वाहन चालक रविशंकर कुमार मंडल (30), निवासी की भी मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों में चक्रघट्टा के बिकेश यादव (26), पूनम यादव (35), दीक्षा यादव (7), दीपिका यादव (5), अनु कुमारी यादव (10), गुड्डू यादव (36), गायत्री देवी (32), रामदुलार यादव (26), सुबोध यादव (25) और रोहन यादव (15) शामिल हैं।

डीएसपी काफ्ले के अनुसार, पूनम, विवेक, दीक्षा, दीपिका और अनु एक ही परिवार के सदस्य हैं। दीक्षा, दीपिका और अनु पूनम की बेटियां थीं। हादसे में घायल सभी छह लोगों को बचाकर हेटौंडा अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में सर्लाही के मुकेश यादव (33), सक्षम कुमार यादव (5) और देवेंद्र राय (26) को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

वहीं, तीन वर्षीय सुजन यादव और 14 महीने के सुदीप यादव को आगे के उपचार के लिए काठमांडू स्थित मेडिसिटी अस्पताल रेफर किया गया है। इसी तरह 31 वर्षीय देवेंद्र राय उर्फ बेचू को बेहतर उपचार के लिए चितवन के मनकामना अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे मधेश प्रदेश 03-001 ज 0880 नंबर की माइक्रोबस काठमांडू से सर्लाही जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया और करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

घायलों के अनुसार, वे सभी छठ पर्व मनाने के लिए वाहन रिजर्व करके काठमांडू से अपने घर सर्लाही लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *