मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर शनिवार देर रात राया कट पुल के ऊपर चलती बस (Moving bus) में आग (Fire) लग गई। बस से लपटें उठती देख यात्रियों (Passengers) में चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में बस और यात्रियों का सामान जल गया। गनीमत रही कि कोई यात्री हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, खजुराहो ट्रेवल्स (Khajuraho Travels) की बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से करीब 40 यात्रियों को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। बस को चालक जितेंद्र पुत्र मोहनलाल निवासी नौगांव, छतरपुर चला रहा था। शनिवार देर रात थाना राया क्षेत्र में राया कट पुल के ऊपर बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया।
लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी यात्री बस से बाहर निकल आए। इस दौरान उनका सामान आग की भेंट चढ़ गया। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात 1:38 बजे पीआरवी 5840 को बस में आग लगने की सूचना मिली। प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया।
करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। महावन सीओ संजीव कुमार राय ने बताया कि बस में आग लगने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। दमकल विभाग की मदद से आग बुझाई गई। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
