Friday, November 13खबर जो असर करे |
Shadow

PM मोदी 16 नवंबर से फिलीपींस की 3 दिन की यात्रा पर… ASEAN-ईस्ट एशिया समिट में लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) 16 नवंबर से फिलीपींस (Philippines) की राजधानी मनीला (Manila) की तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे. इस दौरान वो वार्षिक भारत-आसियान (ASEAN) शिखर सम्मेलन (India-ASEAN Summit) और ईस्ट एशिया समिट (East Asia Summit) में हिस्सा लेंगे।


फिलीपींस इस समय 11 देशों के समूह आसियान का अध्यक्ष है और इन्हीं बैठकों की मेजबानी कर रहा है. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य समुद्री सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देना और व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करना है।


विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने मीडिया ब्रीफिंग में पीएम मोदी के मनीला दौरे की जानकारी दी. उन्होंने बताया, ‘प्रधानमंत्री मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और आसियान के नेतृत्व वाले पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन की 21वीं बैठक में हिस्सा लेने के लिए मनीला जाएंगे. ये यात्रा 16 से 18 नवंबर तक होगी।


टंडन ने बताया कि मनीला में पीएम मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के मेहमान नेताओं के सम्मान में आयोजित डिनर में शामिल होंगे. इसके अलावा, वो कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे. आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन का आयोजन 17 नवंबर को होगा.


विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय समुदाय की ओर से भी पीएम मोदी से मिलने की काफी मांग है, जिसे उनके व्यस्त कार्यक्रम में शामिल करने की कोशिश की जा रही है. इस साल के आसियान शिखर सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ रखी गई है.


इंडो-पैसिफिक और व्यापार समझौते पर रहेगा जोर
इन सम्मेलनों के दौरान इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समान विचारधारा वाले देशों के बीच समुद्री सहयोग की वकालत करेगा. सचिव (पूर्व) ने कहा कि भारत और आसियान के बीच गहरा जुड़ाव दोनों पक्षों को तेजी से बदलते भू-राजनीतिक घटनाक्रमों से निपटने में ज्यादा सक्षम बनाएगा.


आसियान-भारत माल व्यापार समझौते (AITIGA) की समीक्षा पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में टंडन ने कहा कि नई दिल्ली इस व्यापार समझौते की समीक्षा को जल्द से जल्द पूरा करने के पक्ष में है और इस पर बातचीत जारी है.


क्वाड समिट और म्यांमार पर भारत का रुख
ऐसी भी चर्चा है कि मनीला में पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची के साथ वार्षिक क्वाड शिखर सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं. पिछले महीने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इसके संकेत दिए थे. हालांकि, इस पर रुद्रेंद्र टंडन ने कहा, ‘फिलहाल हमारे पास इस बारे में कोई जानकारी नहीं है.’


बता दें कि पिछले साल भारत ने क्वाड समिट की मेजबानी की योजना बनाई थी. लेकिन अमेरिका से ट्रंप के विजिट को लेकर स्पष्टता न होने के कारण ये नहीं हो सका था. वहीं, म्यांमार की स्थिति पर भारत का रुख साफ करते हुए टंडन ने कहा, ‘म्यांमार को अलग-थलग करना सही नजरिया नहीं है, क्योंकि अगर हम ऐसा करते हैं तो कोई और उस खाली जगह को भर देगा.’ उन्होंने म्यांमार के जटिल इतिहास और समाज को ध्यान में रखते हुए वहां की सरकार के साथ संवाद जारी रखने की आसियान की पहलों का भी समर्थन किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *