
बस्तर, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। बस्तर के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आया डाक विभाग। बस्तर फाइटर्स तथा ग्राम पंचायत सचिव समेत विविध सरकारी और निजी संस्थानों में भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार अब अपने नजदीकी ग्रामीण डाकघर से स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज़ भेज सकते हैं।
इस पहल के तहत, बस्तर के सभी डाक शाखाओं में स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के आवेदकों को उप-डाकघर या मुख्य डाकघर तक लंबी दूरी तय कर स्पीड पोस्ट करवाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। अब वे अपने गांव या आस-पास स्थित किसी भी ग्रामीण डाकघर में जाकर आसानी से आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेज़ और अन्य महत्वपूर्ण पत्राचार स्पीड पोस्ट से भेज सकेंगे।
इस कदम को बस्तर डाक संभाग के अधीक्षक डाकघर डॉ. सौरभ श्रीवास्तव ने सराहा और निवेदन किया कि आवेदक तथा आम नागरिक आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें। वे अपने महत्वपूर्ण आवेदन एवं दस्तावेज़ समय रहते नजदीकी शाखा डाकघर से स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रेषित कर लें।
यह सुविधा ग्रामीण इलाकों में डाक सेवाओं की पहुँच को मजबूत करने के साथ ही भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल युवाओं को भी एक बड़ी सुविधा प्रदान करती है। आवेदन की अंतिम तिथि 27 नवंबर है, अतः इच्छुक उम्मीदवार शीघ्र कार्यवाही करें।
