
जगदलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। बस्तर के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। अब बस्तर फाइटर्स और ग्राम पंचायत सचिव भर्ती सहित सरकारी और निजी संस्थाओं में आवेदन करने वाले सभी उम्मीदवार अपने नजदीकी ग्रामीण शाखा डाकघर से भी स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन और जरूरी दस्तावेज भेज सकेंगे। भारतीय डाक विभाग ने बस्तर डाक संभाग के हर शाखा में स्पीड पोस्ट बुकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की है।
इस सुविधा से ग्रामीण इलाकों के उम्मीदवारों को अब दूर स्थित उप डाकघर या मुख्य डाकघर तक जाकर स्पीड पोस्ट कराने की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। वे अपने गाँव या आस-पास के शाखा डाकघर में जाकर आसानी से आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण पत्राचार स्पीड पोस्ट के जरिए भेज सकेंगे। डाक विभाग की यह पहल विशेष रूप से उन युवाओं के लिए राहत भरी है, जो बस्तर के अंदरूनी और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं। भर्ती प्रक्रियाओं के दौरान आवेदन भेजने के लिए उन्हें अब लंबी दूरी तय करने और अतिरिक्त समय व्यतीत करने की आवश्यकता नहीं होगी।
बस्तर डाक संभाग के अधीक्षक डाकघर डॉ. सौरभ श्रीवास्तव ने सभी अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और अपने महत्वपूर्ण आवेदन एवं दस्तावेज समय रहते नजदीकी शाखा डाकघर से स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रेषित करें। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं की पहुंच मजबूत होने के साथ ही भर्ती प्रक्रियाओं में भाग लेने वाले युवाओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
