Friday, November 13खबर जो असर करे |
Shadow

बस्तर के ग्रामीण डाकघर में स्पीड पोस्ट सुविधा से आवेदन भेजने का नया प्रावधान

बस्तर, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। बस्तर के ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में रहने वाले युवाओं के लिये एक नया कदम उठाया गया है। डाक विभाग ने बस्तर डाक संभाग की हर शाखा में स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई है, जिससे अब ग्रामीण शाखा डाकघर से ही आवेदन और आवश्यक दस्तावेज स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजे जा सकेंगे।

इस पहल के तहत, बस्तर फाइटर्स, ग्राम पंचायत सचिव भर्ती और अन्य सरकारी तथा निजी संस्थानों में आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को अब अपने नजदीकी ग्रामीण शाखा डाकघर में जाकर स्पीड पोस्ट द्वारा दस्तावेज भेजने की सुविधा मिल गई है। इससे दूर स्थित उप-डाकघर या मुख्य डाकघर तक जाने की परेशानी समाप्त हो जाएगी। अब ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को लंबी दूरी तय करने और अतिरिक्त समय खर्च करने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

बस्तर डाक संभाग के अधीक्षक डाकघर, डॉ. सौरभ श्रीवास्तव ने अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपने महत्वपूर्ण आवेदन एवं दस्तावेज नजदीकी शाखा डाकघर से स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रेषित करें। उन्होंने कहा, “यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं की पहुंच को मजबूत करेगी और भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल होने वाले युवाओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।”

इस नई व्यवस्था से बस्तर के ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में रहने वाले युवाओं को न सिर्फ आवेदन प्रक्रिया सरल हुई है, बल्कि डाक सेवाओं की गुणवत्ता और गति में भी सुधार हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *