Friday, November 13खबर जो असर करे |
Shadow

भोपाल और इंदौर मेट्रो में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड से कैशलेस यात्रा की शुरुआत

भोपाल, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने राजधानी भोपाल और औद्योगिक शहर इंदौर के मेट्रो यात्रियों को विश्वस्तरीय, आधुनिक और सुगम परिवहन अनुभव देने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। गुरुवार से दोनों शहरों में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की सुविधा का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

जनसम्पर्क अधिकारी अवंतिका जायसवाल ने बताया कि इस डिजिटल एवं स्मार्ट टिकटिंग प्रणाली से यात्रियों को बार‑बार टिकट खरीदने की जरूरत नहीं रहेगी और प्रत्येक यात्रा पर आर्थिक बचत का अवसर मिलेगा। वह आगे कहती हैं कि नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड “वन नेशन, वन कार्ड” के सिद्धांत पर आधारित एक ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन प्रणाली है, जिसका उपयोग भोपाल और इंदौर मेट्रो के अलावा उन सभी महानगरों में किया जा सकेगा जहाँ एनसीएमसी लागू हो। यात्रियों को स्टेशनों पर लगे ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन गेट पर कार्ड टैप करके सीधे प्रवेश‑निकास की सुविधा मिलेगी, जिससे टिकट काउंटरों की लंबी कतारें घटेंगी और समय की बचत होगी।

कार्ड की कीमत केवल 50 रुपये (अप्रतिदेय/नॉन‑रिफंडेबल) निर्धारित की गई है और यह सभी चालू स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर उपलब्ध है। कार्ड प्राप्त करने के बाद यात्रियों को अपनी आवश्यकतानुसार रिचार्ज करने के विकल्प मिलते हैं—टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम) और एमपी मेट्रो मोबाइल ऐप द्वारा।

अवंतिका जायसवाल ने यह भी बताया कि एनसीएमसी कार्ड से की जाने वाली यात्राओं पर 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जो उन यात्राओं पर लागू होगी जिनका किराया 20 रुपये से अधिक है। इससे दैनिक यात्रियों को सुविधा के साथ प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ भी मिलेगा।

स्टेशनों पर नई टिकट वेंडिंग मशीन की पहल के तहत यात्रियों को “बाय क्यू आर टिकट” विकल्प चुनकर गंतव्य तय कर, केवल 30 सेकंड में यूपीआई क्यूआर कोड स्कैन करके डिजिटल भुगतान करने और पेपर क्यूआर टिकट प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।

एमपी मेट्रो ने आज से 31 दिसंबर 2026 तक विशेष प्रमोशनल डिस्काउंट योजना भी शुरू की है। इस योजना में सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत, रिटर्न जर्नी टिकट पर 30 प्रतिशत, न्यूनतम दो यात्रियों के समूह टिकट पर 35 प्रतिशत तक की छूट और ई‑वॉलेट रिचार्ज पर 8‑15 प्रतिशत तक बोनस प्रदान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *