Thursday, November 12खबर जो असर करे |
Shadow

रायगढ़ में बाइक स्टंट पर पाँच युवकों को जेल, पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 11 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। रायगढ़ शहर की सड़कों पर बाइक से खतरनाक स्टंटबाजी एवं सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकतें करने वाले पाँच युवकों को चक्रधरनगर पुलिस ने आज गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा‑निर्देशन में पुलिस ने युवकों की पहचान कर उनके अभिभावकों की मौजूदगी में थाने बुलाया और समझाइश दी। इसके बाद धारा 170 बीएनएसएस एवं धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से जारी जेल वारंट पर पाँचों को जेल दाखिल कराया गया।

सूचना के अनुसार 9 नवंबर की रात पाँच युवक दो अलग‑अलग मोटरसाइकिलों पर शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान वे चलती मोटरसाइकिल पर खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी करते हुए अत्यधिक आपत्तिजनक एवं अशोभनीय हरकतें कर रहे थे और उसका वीडियो भी बना रहे थे। इन हरकतों को एक अन्य व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर थाना प्रभारी चक्रधरनगर को सूचित किया। थाने प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के संज्ञान में लाया।

निर्देशों के अनुपालन में राकेश मिश्रा ने पुलिस टीम के माध्यम से वीडियो के आधार पर पाँचों युवकों की पहचान कर उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। पुलिस ने युवकों को समझाइश दी कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल स्वयं के लिये जानलेवा है, बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में डालती है। बावजूद इसके, उनके कृत्य की गंभीरता को देखते हुए पाँचों के विरुद्ध उपर्युक्त धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें जेल भेजा गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “सड़कें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिये नहीं, सुरक्षित आवागमन के लिये हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज पाने के लिये अपनी और दूसरों की जिंदगी दांव पर न लगाएं।” रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ऐसे कृत्यों पर लगातार नजर रखेगी और सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी, अशोभनीय हरकत और यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *