Thursday, November 12खबर जो असर करे |
Shadow

बोल्ट की चिंता पर चर्चा, ईगल्स ने बुल्स को 25 रन से हराया

अबूधाबी, 11 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। एमिरेट्स ईगल्स ने मंगलवार को अबूधाबी टी10 लीग में डिफेंडिंग चैंपियन यूएई बुल्स को 25 रन से हराया। मैच में ट्रेंट बोल्ट ने दो ओवर में 10 रन देकर एक विकेट लिया। मैच के बाद न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज बोल्ट ने कहा कि सफेद गेंद के क्रिकेट में गेंदबाजों के लिए चुनौतियाँ लगातार बढ़ रही हैं और बल्लेबाजों का दबदबा पहले से कहीं अधिक हो गया है।

बोल्ट ने कहा कि अब नई गेंद ज्यादा देर तक स्विंग नहीं होती और दुनिया भर में बड़े स्कोर देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, “गेंद शायद अब उतनी स्विंग नहीं होती, जितनी पहले हुआ करती थी और आप दुनिया भर में बड़े स्कोर देख रहे हैं। खेल बदल रहा है, नियमों में कुछ बदलाव हुए हैं और मैच देर रात तक खेले जा रहे हैं। आपने एकदिवसीय क्रिकेट में 400 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल होते देखा है। क्या हमने 10 साल पहले सोचा था कि ऐसा होगा? नहीं। मुझे नहीं पता कि खेल अब किस दिशा में जाएगा।”

अपने करियर में स्विंग गेंदबाजी की भूमिका पर बोल्ट ने कहा, “मुझे स्विंग गेंदबाजी से प्यार हो गया था। युवा खिलाड़ी उन गेंदबाजों को अपना आदर्श मानते हैं, जो गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं। इसलिए जब भी मुझे ऐसा करने का मौका मिलता है, मैं उसे दोनों हाथों से पकड़ने और अपने कौशल को दिखाने की कोशिश करता हूं। उम्मीद है कि मुझे आगे भी ऐसा करने के कुछ और मौके मिलेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि अब गेंद बहुत कम समय तक स्विंग होती है और लगातार क्रिकेट खेलने के कारण गेंदबाजों को प्रभावी बने रहने के लिए नए तरीके खोजने पड़ते हैं। बोल्ट के मुताबिक, “गेंद केवल उतने समय तक स्विंग होती है, जो बहुत कम लगता है। जब आप इतनी ज्यादा क्रिकेट खेलते हैं, तो आपको प्रभावी बने रहने और बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए नए तरीके खोजने पड़ते हैं। हर बार योजना के मुताबिक चीजें नहीं होतीं लेकिन मुझे अंतिम ओवरों में कुछ अलग तरह की गेंदें डालना और बल्लेबाज से एक कदम आगे रहने की कोशिश करना पसंद है।”

बोल्ट ने टी10 जैसे प्रारूप में गेंदबाजों को अपनी सफलता पर ज्यादा जश्न मनाने का मौका नहीं मिलता, यह भी कहा। उन्होंने कहा, “मैं ज्यादा जश्न मनाने की कोशिश नहीं करता क्योंकि मुझे पता है कि एक या दो छक्के लगते ही सबकुछ गलत हो सकता है। लेकिन यह 60 गेंदों का खेल है। यहां एक-दो डॉट गेंदें भी बहुत बड़ी भूमिका निभाती हैं। अगर हम अंतिम दो या तीन ओवरों तक बल्लेबाजों को जितना संभव हो रोक पाते हैं तो इससे हमें अच्छी स्थिति में पहुंचने में मदद मिलती है।”

इसके अलावा बोल्ट ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट को समझने के सवाल पर भी बात की और बताया कि “मैं भाग्यशाली हूं कि मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक यहां दर्शकों के बीच मौजूद था और उसने भी मेरे साथ इस पल का जश्न मनाया।”

यूएई बुल्स के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने हार के बाद कहा कि टीम में कई आक्रामक बल्लेबाज होने के कारण निचले क्रम में खेलने वाले खिलाड़ियों को कम गेंदें मिलती हैं। उन्होंने बताया कि “टिम डेविड जैसे खिलाड़ी की जगह कोई नहीं ले सकता इसलिए हमें उनकी कमी खल रही है। लेकिन 137 रन बड़ा स्कोर था। हमने पहले ओवर में 20 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की लेकिन उसके बाद हम वह लय बरकरार नहीं रख सके।”

शेफर्ड ने आगे यह भी कहा कि “आपके पास पीछे मुड़कर देखने, निराश होने और पिछले प्रदर्शन पर विचार करने का समय नहीं है क्योंकि मैच बहुत तेजी से आ रहे हैं। आप जीतें या हारें, सबकुछ अगले मैच पर निर्भर करता है।”

बुल्स का अगला मुकाबला बुधवार को रॉयल डेजर्ट चैंपियंस से होगा, जबकि ईगल्स की टीम शुक्रवार को यूनाइटेड टाइगर्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *