
भोपाल, 12 अक्टूबर।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास से तीन दिवसीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने 12 छोटे बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो-दो बूंदें पिलाकर अभियान की शुरुआत की और सभी अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलियो की दो बूंदें केवल बच्चों को सुरक्षित नहीं करतीं, बल्कि एक स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की नींव रखती हैं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी बीमारी बच्चे को जीवनभर पराश्रित बना सकती है, इसलिए इसका उन्मूलन हर नागरिक का दायित्व है।
तीन दिवसीय (12 से 14 अक्टूबर) अभियान के तहत प्रदेश के 18 चयनित जिलों में 39 लाख 19 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। इस कार्य में 64 हजार से अधिक वैक्सीनेटर्स और 24 हजार से अधिक पल्स पोलियो बूथ लगाए गए हैं। साथ ही घर-घर जाकर भी बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, ताकि कोई बच्चा छूट न जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “स्वस्थ और सशक्त भारत” के संकल्प को पूरा करने की दिशा में मध्यप्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है और हर नागरिक के सहयोग से प्रदेश जल्द ही पूरी तरह “पोलियो मुक्त मध्यप्रदेश” बनेगा।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव, राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. सौरभ पुरोहित सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अभियान के तहत 12 से 14 अक्टूबर तक प्रदेश के अनूपपुर, बैतूल, भिंड, भोपाल, छिंदवाड़ा, दतिया, देवास, ग्वालियर, नर्मदापुरम, जबलपुर, कटनी, खण्डवा, खरगौन, मंडला, मंदसौर, मुरैना, नरसिंहपुर और नीमच जिलों में बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी।
