
बेमेतरा/रायपुर, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। इस दिन, राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान रायपुर द्वारा चलाए जा रहे खेत बचाओ अभियान के तहत, ग्राम पंचायत पहांदा, विकासखंड बेरला, जिला बेमेतरा में, बुधवार को एक कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 30 किसानों ने जोश के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था कि किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जाए तथा कृषि उत्पादन में स्थिरता, मृदा स्वास्थ्य और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा दिया जाए।
इसी अवसर पर संस्थान के डॉ. श्रावणी सान्याल एवं डॉ. श्रीलता पोलेपोंगु और कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. जितेंद्र कुमार जोशी एवं डॉ. चंद्रशेखर खरे ने किसानों के साथ गहन संवाद किया। विशेषज्ञों द्वारा आयोजित तकनीकी व्याख्यानों और किसान-वैज्ञानिक संवाद के माध्यम से जैविक एवं प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग, तथा आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग, मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने तथा वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती की लागत कम करने और उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ाने के विषय में मार्गदर्शन भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने वैज्ञानिकों से कृषि संबंधित विविध विषयों पर चर्चा की, अपनी समस्याओं और अनुभवों को साझा किया। वैज्ञानिकों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्थानीय कृषि परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी सुझाव भी दिए।
इस प्रकार, खेत बचाओ अभियान के माध्यम से संस्थान और कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किसानों तक वैज्ञानिक तकनीकों का प्रसार, टिकाऊ, लाभकारी एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि को प्रोत्साहित करने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।
