Tuesday, November 10खबर जो असर करे |
Shadow

भारत के 1,75,025 लोगों को मिलेगी हज यात्रा पर जाने की अनुमति… सऊदी के साथ हुई डील

नई दिल्ली। भारत (India) और सऊदी अरब (Saudi Arabia) के बीच हज 2027 (Hajj 2027) यात्रा के लिए द्विपक्षीय समझौता हो गया है। इस समझौते के तहत भारत के कुल 1,75,025 हज यात्रियों को सऊदी अरब जाने की अनुमति दी गई है। जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास (Indian Consulate) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

बता दें कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू (Kiren Rijiju) सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उन्होंने जेद्दा में सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्री तौफीक बिन फौजान अल रबिया (Tawfiq bin Fawzan Al-Rabiah) से द्विपक्षीय बैठक की। बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने हज-2027 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने द्विपक्षीय समन्वय को मजबूत करने और यात्रा से जुड़ी रसद व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने भारतीय हज यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।


अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अनुसार, भारत का हज कोटा पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ा है। वर्ष 2014 में भारत को 1,36,020 यात्रियों का कोटा मिला था। इसके बाद इसमें वृद्धि होती रही और वर्ष 2025 में यह बढ़कर 1,75,025 हो गया। इसी कोटा को वर्तमान वर्ष और हज 2027 के लिए भी बरकरार रखा गया है। मंत्री किरेन रीजीजू के साथ हज विभाग के संयुक्त सचिव मोहम्मद अफजल भी सऊदी अरब की यात्रा पर हैं। दोनों अधिकारी 6 नवंबर से 9 नवंबर तक सऊदी अरब में रहेंगे और हज से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।


इससे पहले रीजीजू ने जेद्दा में आयोजित छठे हज सम्मेलन एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने हज यात्रियों के कल्याण और हज-2027 के सफल आयोजन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि हज यात्रियों के कल्याण और हज-2027 के सफल आयोजन की साझा प्रतिबद्धता के साथ भारत-सऊदी अरब साझेदारी को मजबूत किया। जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूत फहाद सूरी और संयुक्त सचिव मोहम्मद अफजल भी इन कार्यक्रमों में मंत्री के साथ मौजूद रहे।


रीजीजू ने रविवार को विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों की आधिकारिक बैठक में भी हिस्सा लिया। इस बैठक की अध्यक्षता सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्री डॉ तौफीक बिन फौजान अल रबिया ने की। जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अनुसार, रीजीजू ने सम्मेलन के दौरान सऊदी नेतृत्व द्वारा हज यात्रियों के कल्याण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने भारत और सऊदी अरब के बीच मजबूत साझेदारी की प्रतिबद्धता को दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *