
गुवाहाटी, 09 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)।
गुवाहाटी महानगर के बाहरी इलाके में एक महिला का सड़ा हुआ गला शव बरामद करने के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को बताया कि बीते शनिवार को खानापड़ा और आठ माइल गणेश मंदिर के बीच राष्ट्र राजमार्ग 27 के किनारे सुनसान इलाके से तीव्र दुर्गंध आने पर कुछ लोगों ने पास जाकर देखा और पाया कि एक इंसान का पैर दिखाई दे रहा था। इस सूचना पर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
मौके पर दिसपुर पुलिस की एक टीम पहुंची और शव बरामद किया। शव को टुकड़ों में काटकर बोरी में भरकर फेंका गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह शव 12 दिन पहले गुवाहाटी के कोइनाधारा इलाके में लापता हुई महिला जीना बैश्य का है।
पुलिस ने जांच तेज कर दी और महिला की हत्या के आरोप में भवेन पेगू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दाव (हथियार) और हत्यारे द्वारा शव को ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल की गई मैजिक वाहन दोनों को जब्त कर लिया।
यह गिरफ्तारी पहले से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई है। पुलिस वर्तमान में जीना बैश्य की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपित से सघन पूछताछ कर रही है। आगे की जाँच के दौरान पुलिस और भी सबूत जुटाने और मामले को सुलझाने के लिये काम कर रही है।
