Tuesday, August 4खबर जो असर करे |
Shadow

दतिया उपचुनाव के रिजल्ट पर BJP के IT सेल प्रमुख बोले- ‘कांग्रेस का प्रचंड जनादेश नहीं’

दतिया। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की दतिया विधानसभा सीट (Datia Assembly seat) पर उपचुनाव (Bypoll) में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह (Ghanshyam Singh) ने भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी (Ashutosh Tiwari) को 6016 वोटों से हराकर जीत दर्ज की है। इस नतीजे के बाद भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय (Amit Malviya) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- ‘दतिया उपचुनाव चुनौतीपूर्ण था, लेकिन परिणाम का निष्पक्ष विश्लेषण अलग तस्वीर दिखाता है।’ उन्होंने दावा किया कि इसे कांग्रेस के पक्ष में “प्रचंड जनादेश” नहीं कहा जा सकता।


कांग्रेस के पक्ष में जनादेश नहीं मान सकते
अमित मालवीय ने 2023 के विधानसभा चुनाव और मौजूदा उपचुनाव के आंकड़ों की तुलना करते हुए चार प्रमुख बिंदु गिनाए। उनके मुताबिक, कांग्रेस का वोट शेयर 2023 के 50.8 प्रतिशत से घटकर 42.39 प्रतिशत रह गया, यानी 8 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि ऐसे में इस परिणाम को कांग्रेस के पक्ष में जनादेश नहीं माना जा सकता।


जीत का अंतर भी कम होने का दावा
मालवीय ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का अंतर 4.5 प्रतिशत था, जो इस उपचुनाव में घटकर 3.82 प्रतिशत रह गया। उनके अनुसार, इससे संकेत मिलता है कि मुकाबला पहले की तुलना में अधिक कड़ा हुआ।


वोटों का अंतर घटने का भी किया जिक्र
भाजपा नेता ने अपने पोस्ट में कहा कि 2023 के चुनाव में कांग्रेस की जीत 7,155 वोटों के अंतर से हुई थी, जबकि इस बार जीत का अंतर घटकर 6,016 वोट रह गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2023 की तुलना में इस उपचुनाव में मतदान करीब 8 प्रतिशत कम रहा।


‘तीसरी राजनीतिक ताकत से बदले समीकरण’
अमित मालवीय ने कहा कि तीसरी राजनीतिक ताकत के उभरने से चुनावी समीकरण जरूर बदले, लेकिन इससे कांग्रेस के पक्ष में किसी बड़े जनादेश का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के जनादेश का सम्मान करती है, परिणाम से सबक लेगी और पूरी ताकत के साथ वापसी करेगी।


दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत
दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह को 66,757 वोट मिले, जबकि भाजपा के आशुतोष तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस ने 6,016 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव 22,527 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।


इस जीत के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे 2028 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद बताया, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी जनादेश स्वीकार करती है और परिणामों की समीक्षा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *