दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सोमवार को संपन्न हुई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने जीत दर्ज की। मतगणना की शुरुआत 451 डाक मतपत्रों की गणना से हुई, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती की गई। उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के प्रमुख उम्मीदवारों सहित कुल 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
परिणाम घोषित होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदाताओं के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अंतिम समय तक पूरी निष्ठा के साथ चुनाव मैदान में डटा रहा और इसी समर्पण का परिणाम पार्टी के पक्ष में आया।
पटवारी ने दावा किया कि दतिया के मतदाताओं ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में कथित कुशासन, भ्रष्टाचार, अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग पर हो रहे अत्याचार, बढ़ती बेरोजगारी तथा किसानों की उपेक्षा जैसे मुद्दों को ध्यान में रखकर अपना जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम जनता की नाराजगी को दर्शाता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा लगातार उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों को भी मतदाताओं का समर्थन मिला है। उन्होंने दतिया की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मतदाताओं ने निर्भीक होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया और यह फैसला भाजपा सरकार के कथित कुशासन के विरुद्ध एक मजबूत संदेश है।
