Monday, August 3खबर जो असर करे |
Shadow

‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर 8 अगस्त को होगा रिलीज, यश का नया पोस्टर जारी

यश - फोटो सोर्स एक्स

रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। अब निर्माताओं ने फिल्म का नया दमदार पोस्टर जारी करते हुए इसकी ट्रेलर रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। फिल्म का ट्रेलर 8 अगस्त 2026 को रिलीज किया जाएगा। नए पोस्टर में यश अपने किरदार ‘राया’ के रहस्यमयी अंदाज में नजर आ रहे हैं, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस के बीच नई चर्चा छेड़ दी है।

पोस्टर में यश की सिर्फ सिल्हूट दिखाई गई है, जिसके हाथ में टॉमी गन है। मेकर्स ने इस बार भी फिल्म की कहानी से पर्दा नहीं उठाया है, बल्कि रहस्य को बरकरार रखते हुए दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब तक रिलीज हुए टीजर और पोस्टर्स की तरह इस नए पोस्टर को भी सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। फैंस फिल्म की कहानी और यश के किरदार को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।

फिल्म का ट्रेलर लॉन्च बेंगलुरु में भव्य कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। यह दिन इसलिए भी खास है क्योंकि 8 अगस्त को ‘टॉक्सिक’ की शूटिंग शुरू हुए पूरे दो वर्ष पूरे हो जाएंगे। माना जा रहा है कि ट्रेलर के जरिए पहली बार फिल्म की दुनिया, इसके किरदारों और कहानी की विस्तृत झलक दर्शकों को देखने को मिलेगी। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस गैंगस्टर ड्रामा फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।

केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बनी यह फिल्म कन्नड़ और अंग्रेजी में एक साथ शूट की गई है तथा हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी रिलीज होगी। ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *