ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के निकट नारायणगंज स्थित एक मदरसे में आग लगने से निकले धुएं की चपेट में आकर 79 छात्र बीमार हो गए। इनमें चार छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक छात्र को वेंटिलेटर पर रखा गया है। घटना के बाद मदरसे में अफरा-तफरी मच गई।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
रिपोर्ट के अनुसार, आग जामिया अशरफिया मदरसे की पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी। अग्निशमन विभाग के ड्यूटी अधिकारी शाहजहां ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। देखते ही देखते धुआं पूरी इमारत में फैल गया। मदरसे में रह रहे सैकड़ों छात्रों में चीख-पुकार मच गई। धुएं के बीच बाहर निकलने की कोशिश में कई छात्रों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
63 छात्र अस्पताल में भर्ती
बीमार छात्रों को ढाका स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के डॉक्टर सुल्तान महमूद शिकदर के मुताबिक, कुल 79 छात्रों को उपचार के लिए लाया गया था। इनमें से 63 को अस्पताल में भर्ती किया गया या आपातकालीन निगरानी में रखा गया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद 16 छात्रों को छुट्टी दे दी गई।
डॉक्टर शिकदर ने बताया कि 14 से 22 वर्ष की उम्र के चार छात्रों को आईसीयू में रखा गया है। इनमें एक छात्र की हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा है। राहत की बात यह है कि किसी भी छात्र के शरीर पर जलने के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, धुएं के सांस के जरिये फेफड़ों तक पहुंचने से छात्रों को सांस संबंधी परेशानी हो रही है।
डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से प्रभावित छात्रों की स्थिति स्पष्ट होने में कम से कम 72 घंटे लग सकते हैं। इस दौरान उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
