Wednesday, November 11खबर जो असर करे |
Shadow

चीन सीमा के करीब 9 दिन तक गरजेंगे भारतीय फाइटर जेट

नई दिल्ली। चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के करीब भारतीय वायुसेना अपनी सैन्य तैयारियों को परखने जा रही है। उत्तराखंड के आसमान में 13 से 21 नवंबर तक नौ दिनों का हाई-इंटेंसिटी हवाई अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इसमें वायुसेना के अग्रिम मोर्चे के लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे। अभ्यास के दौरान हवाई युद्ध की रणनीति, दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों में विमानों की क्षमता और तेजी से सैन्य बलों की तैनाती की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित हवाई क्षेत्र में प्रतिबंध लगाते हुए नोटम (नोटिस टू एयरमेन) जारी किया गया है। इस दौरान सामान्य नागरिक उड़ानों के मार्ग भी प्रभावित हो सकते हैं।

हिमालयी क्षेत्र में होने वाला यह अभ्यास भारत की सामरिक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एलएसी के नजदीक होने वाले इस सैन्य अभ्यास में वायुसेना अपनी ऑपरेशनल क्षमता, सटीक हमले की रणनीति और ऊंचाई वाले दुर्गम इलाकों में अभियान चलाने की दक्षता परखेगी। अभ्यास के दौरान लड़ाकू विमानों की गतिविधियां बढ़ेंगी।

अग्रिम मोर्चे के लड़ाकू विमान होंगे शामिल

अधिकारियों के मुताबिक, अभ्यास में भारतीय वायुसेना के अग्रिम मोर्चे के लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य युद्ध के दौरान ऑपरेशनल फुर्ती और बियॉन्ड विजुअल रेंज (बीवीआर) यानी दृश्य सीमा से परे हवाई युद्ध की रणनीतियों का परीक्षण करना है।

इसके साथ ही हिमालय के ऊंचे इलाकों में कम वायुदाब और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच विमानों के इंजन के प्रदर्शन का भी आकलन किया जाएगा।

भारत के पूर्वी और उत्तरी सैन्य क्षेत्र लंबे समय से रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहे हैं। हालांकि, मध्य हिमालयी क्षेत्र में भी पिछले कुछ वर्षों के दौरान सैन्य बुनियादी ढांचे, अग्रिम हवाई पट्टियों और निगरानी नेटवर्क का विस्तार हुआ है।

तेजी से सैनिकों की तैनाती की क्षमता परखेंगे

मध्य उत्तराखंड के ऊपर होने वाले इस अभ्यास से महत्वपूर्ण एडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड (एएलजी) पर सामरिक अभियानों की क्षमता जांचने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा एक घाटी से दूसरी घाटी तक सैनिकों को तेजी से पहुंचाने, सैन्य बलों की तैनाती और हवाई रसद सहायता की तैयारियों का भी परीक्षण किया जाएगा।

इस तरह का अभ्यास वास्तविक सैन्य परिस्थितियों में वायुसेना की प्रतिक्रिया क्षमता और थलसेना के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में मददगार साबित हो सकता है।

नोटम जारी होने से नागरिक उड़ानों पर असर

हवाई अभ्यास को देखते हुए संबंधित क्षेत्र में 13 से 21 नवंबर तक हवाई प्रतिबंध लागू रहेंगे। इसके लिए नोटम जारी किया गया है। नोटम के तहत पायलटों और विमानन कंपनियों को निर्धारित हवाई क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों और प्रतिबंधों की जानकारी दी जाती है।

इस दौरान कुछ सामान्य और व्यावसायिक उड़ानों के मार्ग बदले जा सकते हैं। एयरलाइंस को भारतीय वायुसेना के साथ समन्वय कर अपनी उड़ानों का कार्यक्रम पहले से तय करने की सलाह दी गई है, ताकि यात्रियों को होने वाली असुविधा और उड़ानों में देरी कम की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *