
गुरुग्राम, 07 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे चौदह बांग्लादेशी नागरिकों को एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की टीम ने हिरासत में लिया है। सभी को मानेसर स्थित डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इन व्यक्तियों के पास भारत में वैध रहने के लिए आवश्यक वीज़ा, पासपोर्ट या अन्य अनुमति नहीं थी। इन पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई एटीएस के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के नेतृत्व में की गई। भारत सरकार के दिशा‑निर्देशों और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एटीएस गुरुग्राम, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) नूंह, एसओजी रोहतक और एटीएस के अन्य कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्धों की पहचान के लिये गहन जांच‑पड़ताल की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जांच के दौरान हिरासत में लिये गये सभी 14 व्यक्तियों के पास से बांग्लादेश से संबंधित पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेज मिलने की सूचना सामने आई। प्रारंभिक जांच में उनके पास भारत में रहने के लिये वैध वीज़ा, पासपोर्ट अथवा अन्य आवश्यक अनुमति नहीं पाई गई। हिरासत में लिये गये व्यक्तियों की पहचान निम्नानुसार है:
– मोहम्मद लुतफोर रहमान (17 वर्ष)
– मोहम्मद राजू मियां (20 वर्ष)
– साकिब हुसैन (18 वर्ष)
– मोहम्मद तारेकुल इस्लाम (17 वर्ष)
– इलियास अली (18 वर्ष)
– मोहम्मद फेरुज इस्लाम (19 वर्ष)
– मोहम्मद अनारुल हक (30 वर्ष)
– साकिब राणा (19 वर्ष)
– गुलाम रब्बानी (23 वर्ष)
– मोहम्मद ज्वेल राणा (20 वर्ष)
– अनवर हुसैन (37 वर्ष)
– आरिफुल उर्फ अलाउद्दीन (22 वर्ष)
– मोहम्मद मसूद राणा (27 वर्ष)
– राजू आलम (28 वर्ष)
ये सभी बांग्लादेश के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। गुरुग्राम एटीएस का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान एवं उनके विरुद्ध कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी है।
