Friday, November 6खबर जो असर करे |
Shadow

नशे के कारोबार पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 14 गिरफ्तार

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट, 05 नवंबर (हि. स.) – नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने 12 मामलों का दर्जा कर 14 लोगों को गिरफ्तार किया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, हथियार, कारतूस, सोने के आभूषण और नकदी जब्त की। नशे के कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क पर कदम बढ़ाते हुए आठ बैंक खातों को फ्रीज किया गया, जिनमें कुल लगभग 31 लाख रुपये जमा थे।

गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में सना अख्तर, पुलिस उपायुक्त, ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा, “पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें कमिश्नरेट के सभी थानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया है।” उन्होंने बताया कि एनटीएस थाना क्षेत्र में दर्ज एक महत्वपूर्ण मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 285 बोतलें फेंटानिल और 2,40,000 टैबलेट अल्प्राजोलम जब्त किए गए।

बुधवार को चलाए गए एक अन्य विशेष अभियान में ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 27.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

19 अक्टूबर को चलाए गए अभियान में ब्राउन शुगर के बड़े सप्लायर अरशद हाशमी उर्फ पिंटू और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 300 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन आग्नेयास्त्र, दो खाली कारतूस, 46 जिंदा कारतूस, सोने के कुछ आभूषण और 5,35,000 रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस ने कहा कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध धन के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आरोपी के आठ बैंक खातों को भी फ्रीज किया गया है। जांच अभी जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

सना अख्तर ने यह भी कहा, “नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस कमिश्नरेट के सभी थानों की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी हो रही है। नशे के खिलाफ लड़ाई में केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम लोगों, विभिन्न संगठनों और संबंधित विभागों का सहयोग भी जरूरी है।”

पुलिस का लक्ष्य नशे के कारोबार की जड़ तक पहुँच कर इससे जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *