Thursday, November 5खबर जो असर करे |
Shadow

डेढ़ करोड़ रुपये से संवरेगा ठेमली आइलैंड, नई पर्यटन सुविधाओं का आगमन

धमतरी, 05 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। गंगरेल बांध के पास स्थित ठेमली आइलैंड अब पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस उद्देश्य से शासन द्वारा डेढ़ करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे द्वीप पर आवश्यक पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी और पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य के बीच अधिक समय बिता सकेंगे।

महापौर रामू रोहरा ने बताया कि धमतरी जिले में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। गंगरेल बांध और आसपास का प्राकृतिक दृश्य पहले से ही यात्रियों को आकर्षित करता आया है, और ठेमली आइलैंड अपनी शांति व सुंदरता के कारण प्रमुख पर्यटन केंद्र बन रहा है। हालांकि, पहले यहाँ ठहरने की उचित व्यवस्था न होने के कारण पर्यटक इच्छानुसार अधिक समय नहीं बिता पाए थे। इस समस्या के समाधान के लिये पहले भी इस स्थल को एक करोड़ रुपये की सहायता मिली थी। अब अतिरिक्त डेढ़ करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने से सुविधाओं को और बेहतर बनाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

रामू रोहरा ने कहा कि बेहतर ठहरने की व्यवस्था से पर्यटक प्रवाह बढ़ेगा और स्थानीय लोगों के लिये रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। होटल, परिवहन, खानपान सहित पर्यटन से जुड़े अन्य कार्यों को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे धमतरी की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और जिले को पर्यटन के नए पहचान मिलेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन स्थलों के विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। धमतरी के प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थल को प्रदेश और देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में बदलने के लिये निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ठेमली आइलैंड के लिये मिली डेढ़ करोड़ रुपये की स्वीकृति इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *