
जगदलपुर, 05 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दीपावली उत्सव के दौरान बिकने वाली मिठाइयों, नमकीनों तथा अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उत्पादन में प्रयुक्त कच्चे माल की कड़ाई से जांच शुरू कर दी है। यह कार्य बस्तर जिले में निरंतर निरीक्षण के रूप में चल रहा है, जहाँ पाँच खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार हेतु सुधार सूचना पत्र भेजा गया है।
इसी क्रम में आज बुधवार को आड़ावाल स्थित कई मिठाई दुकानों की जाँच की गई। निरीक्षण दल ने खोवा, काजू कतली, सलोनी, कलाकंद, पेंड़ा, काला जामुन, गुलाब जामुन, नारियल लड्डू, मिक्चर नमकीन, डोडा बर्फी और बेसन पापड़ी के नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला में परीक्षण के लिये भेजे। साथ ही 12 किलोग्राम एक्सपायर डालडा और 08 किलोग्राम रसगुल्ला को नष्ट कर दिया गया।
जगदलपुर के अन्य मिठाई दुकानों से भी खोवा, गुलाब जामुन, सेव नमकीन, चावल, उड़द दाल, चक्की आटा, केसर बाटी, पेस्ट्री, चमचम, खोवा पेड़ा तथा कूकीज के नमूने लिये गये और लैब में भेजे गये। लगभग 10 किलोग्राम खोवा को अनहाइजेनिक स्थित में पाए जाने पर नष्ट कर दिया गया।
उपरोक्त सभी कार्यों का संचालन पूनम कुंजाम के मार्गदर्शन में, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार नाग एवं नमूना सहायक नंदकिशोर हिरवानी की संयुक्त टीम ने किया। इस पहल से उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयाँ प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, तथा भविष्य में समान उल्लंघनों को रोकने हेतु सतत निगरानी का वचन दिया गया है।
