
जांजगीर-चांपा, 05 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। स्कूल के बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, 04 नवंबर को शिवरीनारायण क्षेत्र में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूल बस की जाँच शुरू की। इस अभियान में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के निर्देशन तथा नेतृत्व में कार्यवाही की गई।
जांच के दौरान शिशु मंदिर और ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल की बसों का निरीक्षण किया गया, जिसमें फिटनेस सर्टिफ़िकेट, परमान्ट, प्रदूषण सर्टिफ़िकेट, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस तथा बच्चों से संबंधित अन्य सुरक्षा मानकों की जाँच शामिल थी। नियमों का उल्लंघन पाते ही एक स्कूल बस को तत्काल जप्त कर लिया गया, जबकि दो बसों के खिलाफ कुल सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अन्य बसों में मिली मामूली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को सात दिनों का समय दिया गया है। उन्हें निर्धारित समय सीमा में सभी आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया है।

जांच के दौरान, यातायात पुलिस ने बस चालकों को गति सीमा का पालन, यातायात नियमों का पालन और बच्चों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुँचाने के निर्देश दिए। स्कूल प्रबंधन को भी यह आदेश दिया गया कि वे सभी परिवहन वाहन में निर्धारित सुरक्षा मानक का पालन सुनिश्चित करें।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) विवेक सिन्हा और यातायात निरीक्षक रामकुमार जैन भी इस जाँच में उपस्थित रहे।
पुलिस और परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और स्कूल बसों की जाँच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी और यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
