
रायपुर, 12 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में रविवार को नवा रायपुर में कलेक्टर कॉन्फ्रेंस की शुरुआत हुई। बैठक में मुख्य सचिव, सभी विभागीय सचिव, संभागायुक्त और कलेक्टर शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और खाद्य विभाग की प्रगति पर विशेष चर्चा की।
धान खरीदी की तैयारियों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किसान पंजीयन का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान पोर्टल में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। जिन जिलों में प्रगति धीमी है, वहां तत्काल कार्ययोजना बनाकर उसे तेजी से पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि जिन दूरस्थ अंचलों में नेटवर्क या तकनीकी समस्याएं हैं, वहां विशेष शिविर लगाकर पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि कोई भी किसान छूट न पाए।
मुख्यमंत्री ने खाद्य विभाग के साथ-साथ अन्य विकास और जनकल्याण योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और कलेक्टरों को समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
