
रायपुर, 12 अक्टूबर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रायपुर के माधव नगर जोरापारा बस्ती में रविवार को विजयदशमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। शारदा चौक स्थित आरडी बिल्डिंग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक ध्वज प्रणाम से हुई, जिसके बाद अमृत वचन और एकल गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर सरसंघ चालक मनीष साहू ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी वार्ड के पार्षद अवतार सिंह बागल उपस्थित थे।
मुख्य वक्ता रायपुर महानगर के प्रचार प्रसार प्रमुख शुभम अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का सौवां वर्ष पूरे हिंदू समाज के सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संघ ने 1925 से ही राष्ट्र निर्माण और समाज के प्रत्येक वर्ग में संगठन व संस्कार की भावना विकसित करने का कार्य किया है।
शुभम अग्रवाल ने कहा कि संघ ने भारत माता के सर्वांगीण विकास के लिए “पंच परिवर्तन” का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसकी शुरुआत कुटुंब से होगी। इनमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, कुटुंब प्रबोधन और स्वदेशी के प्रति जागरूकता शामिल है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि वे समाज में प्रेरक भूमिका निभाएं और आत्मजागरण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
उन्होंने पारिवारिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि परिवार के सभी सदस्य दिन में एक बार साथ भोजन करें, क्योंकि यही सामाजिक समरसता की मूल भावना है। उन्होंने बताया कि संघ की स्थानीय इकाइयां इन पांचों परिवर्तनों पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित करेंगी।
इस अवसर पर नगर सरसंघ चालक मनीष साहू, पार्षद अवतार सिंह बागल, पवन साहू, सुरेश कुंबलकर, भूषण टावरे, जोरापारा बस्ती प्रमुख प्रणीत जैन और संजय चोपकर सहित अनेक कार्यकर्ता और स्वयंसेवक उपस्थित थे।
