
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर।
हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या की घटना पर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दिवंगत अधिकारी की पत्नी और आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार को पत्र लिखकर दुख व्यक्त किया और इस घटना को समाज के लिए एक गहरा आघात बताया।
खरगे ने पत्र में लिखा कि वाई पूरन कुमार की आत्महत्या की खबर ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक पूर्वाग्रहों और विसंगतियों से जूझते हुए इस अधिकारी ने अपनी जान दे दी, जो बेहद दर्दनाक और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने कई घटनाएं देखी हैं, लेकिन भेदभाव के कारण हुई यह त्रासदी समाज में व्याप्त अन्याय की गंभीरता को उजागर करती है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब देश अंतरिक्ष में नई ऊंचाइयां छू रहा है, तब भी समाज में अन्याय और भेदभाव की घटनाएं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संविधान ने हम सभी को समानता और न्याय का अधिकार दिया है, और यदि हम इस दायित्व को निभाने में विफल रहते हैं तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है।
खरगे ने पत्र में अमनीत को धैर्य और साहस बनाए रखने की सलाह दी और कहा कि इस कठिन समय में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि वाई पूरन कुमार जैसे ईमानदार और संवेदनशील अधिकारी की कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
