नाहन, 12 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल के सियूं गांव के पर्यावरण कार्यकर्ता विजय कुमार आजाद को पर्यावरण संरक्षण में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण आइकॉन राष्ट्रीय अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान फरीदाबाद स्थित मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड फाउंडेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में देशभर से समाज सेवा, शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, चिकित्सा, उद्योग, कला-संस्कृति, अभिनय और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लगभग 100 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
विजय कुमार आजाद पिछले कई वर्षों से प्राकृतिक संतुलन और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जंगली कैथं के पौधों में सेब, नाशपाती और आड़ू की ग्राफ्टिंग कर खेती में एक नया नवाचार प्रस्तुत किया है। साथ ही वे भूस्खलन रोकने के लिए शमालू और ऐड के कालमो के पौधों की निःशुल्क रोपाई कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक प्रयास कर रहे हैं।
उनका यह कार्य न केवल वनों की हरियाली बनाए रखने में मददगार है बल्कि जलस्रोतों, दुर्लभ औषधीय पौधों और शुद्ध ऑक्सीजन के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्थानीय लोगों ने विजय कुमार आजाद को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है और उनके प्रयासों को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बताया है।
