Monday, November 9खबर जो असर करे |
Shadow

आदिवासी परंपरा का अनूठा स्वरूप है बिरही पूजा, धान के दानों से जुड़ी है सुख-समृद्धि की मान्यता

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले की आदिवासी संस्कृति अपनी विशिष्ट परंपराओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों के लिए अलग पहचान रखती है। आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीण अंचलों में अनेक प्राचीन परंपराएं जीवंत हैं। इन्हीं में से एक है आदिवासी समाज की बिरही पूजा। दशहरा और दीपावली के बीच नौ दिनों तक चलने वाली यह पूजा धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण एकता, सामूहिक सहभागिता और प्रकृति के प्रति समाज के जुड़ाव को भी दर्शाती है।

दशहरा के दिन होती है पूजा की शुरुआत

बिरही पूजा की शुरुआत दशहरा के दिन होती है। परंपरा के अनुसार घर की बेटियां किसी भी घर से लौकी और कद्दू लेकर आती हैं। मान्यता है कि इन्हें लेने से कोई मना नहीं करता। इसके बाद लौकी और कद्दू को उस स्थान पर रखा जाता है, जहां बिरही की बुवाई की जानी होती है। तीन-चार दिन बाद निर्धारित स्थान पर गड्ढा खोदकर उपवास रखते हुए बिरही की बुवाई की जाती है। बुवाई के नौवें दिन गौरा-गौरी की पूजा होती है। इसके बाद पूजा सामग्री के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया जाता है और अंत में घर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा संपन्न की जाती है।

सामूहिक सहभागिता से निभाई जाती है परंपरा

बिरही पूजा सामान्यतः समूह में आयोजित की जाती है। पहले एक गांव में चार से पांच अलग-अलग समूह विभिन्न स्थानों पर पूजा करते थे। जिस घर में पूजा की व्यवस्था होती है, उस घर की बहू-बेटियों सहित समाज की महिलाएं इसमें शामिल होती हैं। बुवाई वाले दिन और नौवें दिन विशेष उपवास रखने की परंपरा है। पूजा में 12 वर्ष से कम आयु के बालक भी सहभागी बनते हैं।

गौरा-गौरी के साथ बनाई जाती हैं पशु-पक्षियों की आकृतियां

पूजा के नौवें दिन मिट्टी से गौरा-गौरी के साथ तोता, जंगली तीतर, कछुआ और अन्य पशु-पक्षियों तथा वन्यजीवों की आकृतियां बनाई जाती हैं। इन्हें पूजा की थाली में सजाया जाता है। साथ ही कलश स्थापित कर उस पर दीप प्रज्वलित किया जाता है। पूजा की थाली और कलश सिर पर रखकर पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली जाती है। इस दौरान पारंपरिक सुआ गीतों की गूंज से गांव का वातावरण भक्तिमय और उत्सवी हो जाता है।

धान के दानों से जुड़ी है सुख-समृद्धि की मान्यता

बिरही पूजा में धान के दानों का विशेष महत्व है। पूजा में उपयोग किए गए अनाज से कुछ दाने निकालकर ग्रामीण अपने घरों के अनाज भंडार में रखे धान में मिला देते हैं। आदिवासी समाज की मान्यता है कि ऐसा करने से घर में मां लक्ष्मी का आगमन होता है और वर्षभर अन्न की कमी नहीं रहती। इसी विश्वास के चलते ग्रामीण हर साल इस परंपरा का इंतजार करते हैं।

सात से नौ वर्षों तक व्रत रखने की परंपरा

बिरही पूजा में व्रत रखने की परंपरा भी विशेष है। समाज के लोग लगातार सात से नौ वर्षों तक यह व्रत रखते हैं। व्रत का समापन भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाता है। व्रत पूर्ण करने वाला व्यक्ति गौरा-गौरी, पूजा की थाली और कलश लेकर गांव का भ्रमण करता है। इस दौरान ग्रामीण उसे दाल, चावल सहित अन्य खाद्य सामग्री भेंट करते हैं। एकत्रित सामग्री से अगले दिन भोजन तैयार किया जाता है और इसी के साथ व्रत का समापन होता है।

लोककथाओं और किस्से-कहानियों की भी होती है शुरुआत

बिरही पूजा आदिवासी समाज की लोककथाओं और मौखिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है। परंपरा के अनुसार गांव के पंडा द्वारा रात में गांव का भ्रमण करने के बाद घर में पूजा के दौरान किस्से-कहानियां सुनाने की शुरुआत होती है। मान्यता है कि दीपावली के बाद धान की कटाई शुरू होती है। पहले ग्रामीण खलिहानों में धान की रखवाली करते हुए रात में एक-दूसरे को किस्से-कहानियां सुनाया करते थे। बिरही पूजा के साथ ही इस परंपरा का भी आरंभ माना जाता है।

बदलते समय में संरक्षण की जरूरत

बदलते समय के साथ आदिवासी समाज की यह अनूठी परंपरा धीरे-धीरे सीमित होती जा रही है। पहले जहां एक गांव में चार से पांच समूह बिरही पूजा आयोजित करते थे, वहीं अब कई गांवों में केवल एक या दो समूह ही इस परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। कुछ गांवों में तो यह परंपरा दिखाई भी नहीं देती। बुजुर्गों का मानना है कि नई पीढ़ी की पारंपरिक रीति-रिवाजों में घटती सहभागिता का असर इस सांस्कृतिक विरासत पर पड़ रहा है।

बिरही पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की सामूहिकता, लोकसंस्कृति, पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है। इस विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इसका संरक्षण और युवाओं की सहभागिता जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *