Saturday, November 7खबर जो असर करे |
Shadow

केंद्र और राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी – बंशीलाल गुर्जर का बयान

रायपुर, 07 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय को दोगुना करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। गुर्जर ने छत्तीसगढ़ में शुरू की गई किसान मितान अभियान को संगठन विस्तार और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने बताया कि किसान मितान योजना के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर 10‑10 कार्यकर्ता जोड़े जा रहे हैं, जो बूथ स्तर से लेकर गांव तक किसानों की वास्तविक समस्याओं को सरकार तक पहुँचाएंगे। गुर्जर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 82 प्रतिशत किसान छोटे किसान हैं। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में धान को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का वादा किया था, जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पारदर्शी रूप से लागू किया गया है। राज्य में 3100 से अधिक धान खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं और किसानों के लिए यूनिक आईडी तैयार की गई है, जिससे बार‑बार पंजीकरण की जरूरत नहीं पड़ेगी। डिजिटल सर्वे और बोए गए रकबे के आधार पर धान की खरीद व्यवस्थित की गई है।

गुर्जर ने बताया कि राज्य सरकार ने तीन वर्षों में किसानों को 35 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। धान की खेती छोड़कर दलहन या अन्य वैकल्पिक फसलों की ओर रुख करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ का अनुदान दिया जा रहा है, और इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद किया।

केन्द्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और बेहतर रिस्क मैनेजमेंट को छत्तीसगढ़ में प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में कृषि ऋण की ब्याज दर को 16 प्रतिशत से शून्य तक घटाया गया था।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने भी केंद्र और राज्य की किसान‑हितैषी नीतियों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। ठाकुर ने कहा कि किसान मितान के माध्यम से सरकारी योजनाओं को गांव, खलिहान और प्रत्येक किसान तक पहुँचाया जाएगा और समस्याओं को समय पर हल करने की पहल की जाएगी। उन्होंने बताया कि मंडल स्तर पर संगठन बन चुका है और अब इसे बूथ स्तर तक विस्तारित किया जा रहा है।

समाचार सम्मेलन में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. शंभू, छत्तीसगढ़ प्रभारी तथा राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव, पूर्व विधायक व किसान मोर्चा ओडिशा प्रभारी पिंकी शिवराज शाह और छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा की प्रभारी पूनम चंद्राकर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *