Thursday, October 29खबर जो असर करे |
Shadow

माना बस्ती के तालाब पक्षी विहार के रूप में विकसित, शासकीय विद्यालय निरीक्षण में प्रगति पर ध्यान

रायपुर, 29 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। जिले में ग्रामीण विकास कार्यों की नियमित निगरानी एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत धरसींवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष केशरवानी ने आज बुधवार को ग्राम पंचायत माना बस्ती पहुँच कर शासकीय विद्यालयों, पंचायत भवन एवं तालाबों का निरीक्षण किया।

उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, पंचायत की व्यवस्थाओं तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में निर्माणाधीन बालिका शौचालय की धीमी प्रगति पर जनपद सीईओ, श्री आशीष केशरवानी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

विद्यालय परिसर में विकसित पोषण वाटिका का अवलोकन करते हुए जनपद सीईओ ने इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने से बच्चों को हरी सब्जियों, पौष्टिक आहार एवं संतुलित पोषण के महत्व की जानकारी मिलती है। इसके साथ ही बच्चों में पौधों के प्रति लगाव और पर्यावरण संरक्षण की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने इस पहल को बच्चों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया।

निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ ने ग्राम पंचायत माना बस्ती के तालाबों का भी जायजा लिया। क्षेत्र के तालाबों में प्रवासी पक्षियों की आवक को देखते हुए उन्होंने इन तालाबों को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने के लिए पंचायत को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इससे प्रवासी पक्षियों का आगमन क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक वातावरण का परिचायक है। तालाबों का संरक्षण, साफ-सफाई एवं संवर्धन कर इन्हें पक्षियों के अनुकूल प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया जा सकता है।

जनपद सीईओ ने पंचायत की आय एवं राजस्व व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंचायत के निर्धारित करों की शत‑प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत की स्वयं की आय बढ़ने से गांव में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, साफ‑सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी। इसके लिए पंचायत स्तर पर कर वसूली की नियमित समीक्षा करने तथा राजस्व संग्रहण में तेजी लाने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान करारोपण अधिकारी गजेश यदु, ग्राम पंचायत की सरपंच सुनीता लेखु बैश, पंचायत सचिव लता सेन, रोजगार सहायक सहित अन्य संबंधित कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *