Monday, October 26खबर जो असर करे |
Shadow

सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान में शिवराज सिंह चौहान की प्रस्तुति, 31 अक्टूबर को प्रसारण

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। देश के पहले उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में आयोजित होने वाले 67वें सिरदार पटेल स्मृति व्याख्यान में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान संबोधित करेंगे। यह व्याख्यान 27 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित संसद मार्ग के रंग भवन सभागार में दोपहर 3 बजे आयोजित होगा। व्याख्यान का प्रसारण सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को रात 9:30 बजे आकाशवाणी के पूरे नेटवर्क पर किया जाएगा।

आकाशवाणी वर्ष 1955 से सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में इस वार्षिक व्याख्यान शृंखला का आयोजन कर रहा है। इस श्रृंखला के प्रारम्भ में भारत के पहले गवर्नर जनरल और भारत रत्न से सम्मानित सी. राजगोपालाचारी ने पहला व्याख्यान दिया था। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, डॉ. जाकिर हुसैन, मोरारजी देसाई, डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, अरुण जेटली, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, जनरल बिपिन रावत और इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस. सोमनाथ समेत कई प्रमुख नामों ने इस श्रृंखला में अपने विचार साझा किए हैं।

पिछले वर्ष 66वां व्याख्यान केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने दिया था। आकाशवाणी के अनुसार, यह वार्षिक व्याख्यान शृंखला देश की विविध संस्कृति, विकास से जुड़े मुद्दों और विभिन्न विषयों पर विचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच रही है। इस कार्यक्रम में भाग लेने का प्रवेश निशुल्क है, परंतु सभागार में सीटों की उपलब्धता के आधार पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।

शृंखला के पिछले व्याख्यान प्रसार भारती के आधिकारिक यूट्यूब संग्रह पर भी उपलब्ध हैं, जिससे दर्शक किसी भी समय इन प्रेरणादायक भाषणों को देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *