
रायगढ़, 26 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। “ऑपरेशन आघात” के तहत चल रहे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के प्रयास में पुसौर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने ग्राम बड़े भंडार में नाकेबंदी कर ओडिशा से मोटरसाइकिल के द्वारा गांजा ले जा रहे आरोपी को लगभग 3 किलो गांजा और मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। जांच के दौरान गांजा खरीदने वाले खरीदार की पहचान कर उसे भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि खरीदार ने तीन किलो गांजा मंगवाने के लिये आरोपी से मोबाइल पर संपर्क किया था और इसके बदले 14,850 रुपये ट्रांसफर किए थे।
25 अक्टूबर को थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति काली बैग में गांजा लेकर होंडा साइन एसपी 125 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 BR 3641) से ओडिशा की ओर से चंद्रपुर होते हुए रायगढ़ आ रहा है। सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों को दे कर उनके मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने नाकेबंदी की। मुखबिर द्वारा बताई गई जगह के अनुसार ग्राम बड़े भंडार में प्रियंका किराना स्टोर के सामने मुख्य सड़क पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम लाब सा (30 वर्ष), निवासी झारसुगुड़ा, ओडिशा, वर्तमान में चक्रधर कॉलोनी, चंद्रपुर, जिला सक्ती बताया। उसके पास से 3 पैकेट में कुल 2.893 किलोग्राम गांजा (लगभग 1.40 लाख रुपये) बरामद हुआ। गांजा परिवहन से संबंधित जानकारी मिलने पर उसके विरुद्ध थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 267/2026, धारा 20(ख) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। लाब सा द्वारा उपयोग की गई होंडा साइन एसपी 125 मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 50,000 रुपये के रूप में जब्त की गई।
विवेचना के दौरान लाब सा के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गांजा मंगाने वाले राजू दास महंत (39 वर्ष), निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ की तलाशी ली गई। पूछताछ में राजू दास महंत ने मोबाइल के माध्यम से लाब सा से संपर्क कर तीन किलो गांजा मंगवाया और कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के ज़रिये 14,850 रुपये ट्रांसफर किए। पुलिस ने राजू दास महंत के कब्जे से वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन (मॉडल V2029 एवं वीवो T4 लाइट 5G) लगभग 50 हज़ार रुपये मूल्य के साथ जब्त किए। दोनों आरोपियों से लगभग 2,40,000 रुपये की मशरूका भी जब्त कर 25 अक्टूबर को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
