Saturday, September 19खबर जो असर करे |
Shadow

मणिपुर में उग्रवादियों की गतिविधियों पर एजेंसियों की कड़ी नजर…. हो सकती है बड़ी कार्रवाई

इम्फाल। मणिपुर (Manipur) में हिंसा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं के बीच उग्रवादी संगठनों (Militant Organizations) की गतिविधियां लगातार केंद्रीय एजेंसियों की निगरानी के दायरे में हैं। सुरक्षा एवं प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न उग्रवादी समूहों व उनके कैडरों की गतिविधियों को लेकर केंद्रीय एजेंसियां (Central agencies) स्थानीय खुफिया तंत्र के साथ लगातार सूचनाएं जुटा रही हैं। इसके आधार पर संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों के अभियान तेज किए जा सकते हैं।


अफसरों के मुताबिक, एनएससीएन (आईएम) समेत अन्य उग्रवादी संगठनों से जुड़े कैडरों की भूमिका को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के पास लगातार सूचनाएं पहुंच रही हैं। जमीनी स्तर पर तैनात सुरक्षा बलों के कमांडरों को हिंसक समूहों के खिलाफ पहले की तुलना में अधिक आक्रामक रणनीति अपनाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। पहले सुरक्षा बलों का जोर मुख्य रूप से निवारक कार्रवाई और क्षेत्र में तनाव को नियंत्रित करने पर रहा था, पर मौजूदा परिस्थितियों में रणनीति में बदलाव किया जा रहा है।


कोबरा कमांडो भी तैनात
अभियान को मजबूत करने के लिए कोबरा कमांडो बल के जवानों को भी लगाया गया है। इनकी तैनाती का उद्देश्य संवेदनशील और दुर्गम इलाकों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई को मजबूत करना तथा उग्रवादी नेटवर्क की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। केंद्रीय और स्थानीय खुफिया एजेंसियों से उग्रवादी संगठनों की गतिविधियों, संभावित ठिकानों और हिंसा में कथित भूमिका को लेकर अधिक से अधिक सूचनाएं जुटाने को कहा गया है। इस का विश्लेषण कर यह तय किया जा रहा है कि किन इलाकों में लक्षित अभियान चलाने की जरूरत है।


कुकी-नगा तनाव की आशंका
अधिकारियों का कहना है कि मणिपुर की सुरक्षा स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। लंबे समय से जारी कुकी-मैतेई संघर्ष के बीच अब कुकी-नगा तनाव की आशंका भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बन रही है। विभिन्न संगठनों से जुड़े कुछ कैडरों की हिंसा और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में कथित संलिप्तता की जानकारी सामने आई है।


सीमावर्ती इलाकों में अभियान तेज किए गए
हाल के दिनों में इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, बिष्णुपुर, थौबल और काकचिंग जिलों के संवेदनशील एवं सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा अभियान तेज किए गए हैं। अभियान के दौरान अलग-अलग इलाकों से हथियार, विस्फोटक बरामद किए जाने की जानकारी अधिकारियों ने दी है। अधिकारियों के मुताबिक, एनएससीएन (आईएम) से जुड़े लोग पकड़ में आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *