Wednesday, November 4खबर जो असर करे |
Shadow

किआ इंडिया की अक्टूबर में रिकॉर्ड बिक्री, 33,462 गाड़ियां बेचकर बनाया नया कीर्तिमान

नई दिल्ली। वाहन निर्माता कंपनी किआ इंडिया ने अक्टूबर 2026 में 33,462 गाड़ियों की बिक्री कर भारतीय बाजार में अब तक की सबसे बड़ी मासिक बिक्री का रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी की बिक्री अक्टूबर 2025 में दर्ज 29,556 यूनिट्स के मुकाबले 13.22 प्रतिशत अधिक रही। खास बात यह है कि किआ ने लगातार दूसरे महीने अपनी बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले सितंबर 2026 में कंपनी ने 32,017 गाड़ियां बेची थीं।

कंपनी के अनुसार, जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच कुल बिक्री 2,86,470 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 21.31 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कंपनी ने 2025 की पूरे साल की कुल बिक्री 2,80,286 यूनिट्स को भी पीछे छोड़ दिया है।

अक्टूबर की रिकॉर्ड बिक्री में त्योहारी मांग, लोकप्रिय मॉडलों की मजबूत बिक्री और नए मॉडलों को मिले सकारात्मक प्रतिसाद का योगदान रहा। किआ सेल्टोस और सोनेट कंपनी की बिक्री में प्रमुख भूमिका निभाती रहीं। अकेले सेल्टोस की अक्टूबर में 13 हजार से अधिक यूनिट्स बिकीं। जनवरी 2026 में लॉन्च होने के बाद से इसकी औसत मासिक बिक्री 10 हजार यूनिट्स से अधिक रही है। वहीं, कैरेंस और कैरेंस क्लैविस ने कंपनी के फैमिली मोबिलिटी पोर्टफोलियो को मजबूती दी।

कंपनी को प्रीमियम एसयूवी सोरेंटो के हाइब्रिड और डीजल पावरट्रेन विकल्पों के लिए भी उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। अक्टूबर में किआ ने अपनी अब तक की सर्वाधिक मासिक इलेक्ट्रिक वाहन बिक्री दर्ज की। साइरोस ईवी और कैरेंस क्लैविस ईवी के योगदान से इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में महीने-दर-महीने 31 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके अलावा कैरेंस और कैरेंस क्लैविस के सीएनजी वेरिएंट्स का कुल बिक्री में करीब 10 प्रतिशत योगदान रहा।

किआ इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एवं मार्केटिंग) अतुल सूद ने कहा कि अक्टूबर में पिछला रिकॉर्ड तोड़कर 33,462 गाड़ियों की बिक्री करना ग्राहकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। त्योहारी मांग, लोकप्रिय मॉडलों के प्रदर्शन और नए उत्पादों को मिले सकारात्मक प्रतिसाद से कंपनी की बिक्री को गति मिली है। उन्होंने कहा कि सोरेंटो को भी आधुनिक तकनीक, प्रीमियम सुविधाओं और हाइब्रिड पावरट्रेन की बेहतर ईंधन दक्षता के कारण अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती बिक्री कंपनी की मल्टी-पावरट्रेन रणनीति की सफलता को दर्शाती है।

कंपनी ने बिक्री बढ़ाने के साथ ग्राहकों के वाहन स्वामित्व अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अपने अश्योर्ड बायबैक कार्यक्रम का भी विस्तार किया है। अब यह सुविधा पेट्रोल-डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक मॉडलों के लिए उपलब्ध है। इसके तहत पात्र ग्राहकों को पेट्रोल-डीजल और हाइब्रिड मॉडलों पर 75 प्रतिशत तक तथा इलेक्ट्रिक वाहनों पर 70 प्रतिशत तक की सुनिश्चित बायबैक वैल्यू मिलेगी। इसके लिए अवधि और माइलेज के लचीले विकल्प भी दिए गए हैं। पात्र इलेक्ट्रिक वाहनों पर लाइफटाइम हाई-वोल्टेज बैटरी वारंटी और बैटरी-ऐज-ए-सर्विस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

किआ इंडिया का बिक्री एवं सर्विस नेटवर्क देश के 438 शहरों में 925 टचपॉइंट्स तक विस्तारित है। इसके अलावा कंपनी के 144 सर्टिफाइड प्री-ओन्ड आउटलेट्स भी संचालित हैं। कंपनी का कहना है कि बढ़ते उत्पाद पोर्टफोलियो, ग्राहक केंद्रित योजनाओं और विस्तृत नेटवर्क के जरिए भारतीय बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने तथा ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने पर उसका ध्यान बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *