
सिरसा, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। सिरसा जिले के गांव तिलोकेवाला के पास सोमवार को एक स्कूली बस और पिकअप गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। गनीमत यह रही कि बस में सवार विद्यार्थियों को कोई चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भेजा गया जहां पिकअप चालक फतेहाबाद निवासी राजकुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
स्कूल बस कालांवाली से लगभग 26 बच्चों को लेकर गांव तिलोकेवाला के एक निजी स्कूल में छोड़ने जा रही थी। वहीं पिकअप रतिया से सरदूलगढ़ होकर कालांवाली की तरफ जा रही थी। पिकअप चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिसके चलते यह बस से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में स्कूल बस चालक नाहर सिंह और पिकअप कंडक्टर मग्घर सिंह घायल हो गए। सूचना मिलने पर स्कूल प्रबंधन के सदस्य मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा दूसरी बस के माध्यम से उन्हें स्कूल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर स्कूली बच्चों के अभिभावक भी चिंतित हो गए, लेकिन स्कूल प्रबंधन से सभी बच्चों के सकुशल होने की जानकारी मिलने पर उन्हें राहत मिली। कालांवाली शहर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
