Friday, April 24खबर जो असर करे |
Shadow

तमिलनाडु में पलानीस्वामी और नागेंद्रन के बीच विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर चर्चा

चेन्नई, 09 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)।
लेखक: LN Star News
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राज्य का राजनीतिक माहौल गर्म होने लगा है। सभी प्रमुख दल चुनावी रणनीति और गठबंधन को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी से तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन ने मुलाकात की।

नयनार नागेंद्रन ने शुक्रवार सुबह चेन्नई के ग्रीनवे रोड स्थित पलानीस्वामी के आवास पर पहुंचकर विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों के बंटवारे पर चर्चा की। इस मुलाकात को आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

दरअसल, हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। उस दौरान यह बात सामने आई थी कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 56 सीटों की मांग रखी है। दिल्ली से लौटने के एक दिन बाद नयनार नागेंद्रन द्वारा पलानीस्वामी से की गई यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

मुलाकात के बाद नयनार नागेंद्रन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अन्नाद्रमुक के साथ चर्चा सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की तमिलनाडु यात्रा को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। यह भी चर्चा हुई कि प्रधान मंत्री की सभा चेन्नई या मदुरै में आयोजित की जाए। उन्होंने बताया कि प्रधान मंत्री इस माह के अंत में तमिलनाडु आने वाले हैं। भाजपा को कितनी सीटें मिलेंगी, इसका खुलासा बाद में किया जाएगा।

इस बीच राज्य में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक), अन्नाद्रमुक, भाजपा, कांग्रेस, विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके), मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (मद्रमुक), पाट्टाली मक्कल कच्ची (पमक) और तमिलगा वेत्री कड़गम (तवेक) सहित कई दलों ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। मौजूदा राजनीतिक स्थिति में राज्य में चौतरफा मुकाबले के संकेत मिल रहे हैं। एक ओर द्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन है, वहीं दूसरी ओर अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन मैदान में है। इसके अलावा अभिनेता विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम और सीमन की नाम तमिलर पार्टी भी अलग मोर्चे के रूप में चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं।

इस बार भी तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक–भाजपा गठबंधन बना है, जिसमें भाजपा और पमक शामिल हैं। ऐसे में गठबंधन में शामिल दलों को मिलने वाली सीटों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें उसे केवल चार सीटों पर जीत मिली थी। हालांकि, इस बार भाजपा न केवल 56 सीटों की मांग कर रही है, बल्कि सरकार में हिस्सेदारी को लेकर भी सक्रिय प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *