
गोड्डा, 05 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)।
जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित डहुआ गांव में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची नीतू मरांडी और उसके पिता तलवा मरांडी के शव का बहियार में मिलना पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश की स्थिति पैदा कर चुका है। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी तथ्य से मिलता है कि बच्चे का सिर धड़ से अलग था और वह मौके से काफी दूर मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, नीतू रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सोई हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि देर रात किसी ने उसे घर से बाहर निकाल कर घर के पीछे ले जाकर धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव बहियार में फेंक दिया गया। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों और वारदात के तरीकों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सुबह बहियार में बच्ची का शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मासूम बच्ची के साथ हुई इस जघन्य वारदात से ग्रामीण स्तब्ध हैं। घटना को लेकर लोगों में भय के साथ-साथ गहरा आक्रोश भी देखा जा रहा है।
सूचना मिलने ही ललमटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मौके पर एसडपीओ वरुण रजक भी पहुंचे हैं। पुलिस हत्या के कारणों, संदिग्धों की भूमिका सहित सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी है। गांव में इस जघन्य वारदात को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
