Friday, November 6खबर जो असर करे |
Shadow

शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले प्रधानाध्यापक को शिक्षा विभाग ने निलंबित किया

कांकेर, 05 नवंबर (हिन्दुस्तान समाचार)। जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड की मंगहूर प्राथमिक शाला में प्रधानाध्यापक अशोक बेलसरिया के शराब के नशे में विद्यालय में उपस्थित होने की सूचना मिलने के बाद आज गुरुवार को शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि बुधवार को अशोक बेलसरिया कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुँचे, जिसके बाद बड़गांव पुलिस थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई।

शिकायत के बाद प्रधानाध्यापक को मेडिकल परीक्षण के लिये भेजा गया और सिविल अस्पताल पखांजूर की रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि वे सरकारी कार्यकाल के दौरान शराब के नशे में पाए गए। इस प्रकार की स्थिति को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों के विरुद्ध माना गया।

जिला शिक्षा अधिकारी कांकेर ने निलंबन का प्रस्ताव तैयार किया और शिक्षा संभाग बस्तर के संयुक्त संचालक ने इसे मंजूर कर प्रथम दृष्टया दोषी ठहराते हुए निलंबन का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में प्रधानाध्यापक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नरहरपुर निर्धारित किया गया है और सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना वह वहाँ से बाहर नहीं जा पाएँगे। इस अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

जिला कलेक्टर कुंदन कुमार ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना शासकीय स्कूलों की साख को प्रभावित करती है और कड़ाई से निपटा जाना चाहिए। वर्तमान में बड़गांव पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है, जबकि शिक्षा विभाग ने निलंबन की कार्रवाई को अंतिम रूप दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *