
मप्रः, 03 नवंबर (हि.स.) – जनगणना निदेशक और IAS अधिकारी संजीव श्रीवास्तव ने इंदौर जिले में 2027 के जनगणना कार्य के अंतर्गत अब तक की गई प्रगति पर प्रशंसा व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से जनगणना कार्य में लगे कर्मियों के मानदेय वितरण को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा सभी निर्धारित व्यवस्थाओं और मानकों के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से कार्य संपादन पर प्रकाश डाला। श्रीवास्तव ने कहा कि इंदौर जिले की तैयारियाँ व्यवस्थित रूप से की गई हैं।
मंगलवार को इंदौर प्रवास के दौरान, कलेक्टर शिवम वर्मा और जिले के संबंधित अधिकारियों के साथ एक बैठक में जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित कार्यों एवं तैयारियों की समीक्षा की गई। श्रीवास्तव ने अब तक संपादित कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली और आगामी कार्यवाहियों के लिए मार्गदर्शन दिया।
अपर कलेक्टर नवजीवन पवार ने जनगणना के प्रथम और द्वितीय चरण से संबंधित तैयारियों के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इंदौर जिले में प्रथम चरण के अंतर्गत 41 चार्ज क्षेत्रों में कुल 5,971 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्धारित थे, जिनमें ग्रामीण, नगरीय एवं छावनी क्षेत्र के 2,068 ब्लॉक तथा नगर निगम क्षेत्र के 3,903 ब्लॉक शामिल हैं।
संयुक्त संचालक योजना एवं सांख्यिकी प्रेमचंद परस्ते ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण में जिले में एब्यूमेशन ब्लॉक (EB) की संख्या 7,847 हो जाएगी, जिनमें ग्रामीण, नगरीय एवं छावनी क्षेत्र के 2,693 ब्लॉक तथा नगर निगम क्षेत्र के 5,154 ब्लॉक शामिल रहेंगे। इस प्रकार प्रथम चरण से तुलना में कुल 1,876 ब्लॉक की वृद्धि हुई है।
बैठक में जनगणना कार्य के लिए आवश्यक मानव संसाधन, अनुमानित कर्मी संख्या और मानदेय व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर सहायक जिला जनगणना अधिकारी अजीत श्रीवास्तव, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी शीतल पाठक, जिला योजना अधिकारी सरिता भूरिया तथा सहायक जनगणना अधिकारी पीयूष मेश्राम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
