
रायपुर, 28 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम के जरिए बलरामपुर जिले के ग्राम चिरई‑जसवंतपुर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके जनसेवा, जनजातीय समाज के उत्थान तथा सरगुजा अंचल के विकास में अमूल्य योगदान का स्मरण किया।
साथ ही मुख्यमंत्री ने बलरामपुर जिला को ₹202 करोड़ 65 लाख की लागत के 2,009 विकास कार्यों की सौगात दी। इन कार्यों में ₹156 करोड़ 68 लाख के 1,863 कार्यों का भूमिपूजन तथा ₹45 करोड़ 97 लाख के 146 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय लरंग साय जनसेवा के प्रति समर्पित नेता थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, वंचितों, जनजातीय समाज और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने यह भी याद किया कि जब वे पहली बार विधायक बने थे, तभी से काका लरंग साय के साथ उनके संपर्क में आने का अवसर मिला और दिल्ली में रहते समय कई बार उनके निवास पर ठहरते थे।

इसके अलावा उन्होंने स्वर्गीय लरंग साय के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ घनिष्ठ संबंधों का भी उल्लेख किया और कहा कि काका का सहज स्वभाव और जनता के प्रति समर्पण हमेशा अनुकरणीय रहे।
मुख्यमंत्री ने तीन महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं: शंकरगढ़ में बालक हाईयर सेकेंडरी स्कूल के स्थान पर नया विद्यालय भवन, चांदो में सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए एक बड़े सामुदायिक भवन का निर्माण, तथा प्रतिमा स्थल के समीप भव्य स्मृति द्वार का निर्माण।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। प्रदेश में कोरवा, बिरहोर, कमार, बैगा और अबूझमाड़िया जैसे समुदायों की आबादी लगभग 3 लाख 20 हजार है, और प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत इन समुदायों के लिए लगभग 32 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम में शामिल न हो पाने के कारण खेद भी जताया।
