Wednesday, October 28खबर जो असर करे |
Shadow

किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल, 28 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भविष्य की योजनाओं के माध्यम से किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने बताया कि नर्मदा घाटी की सिंचाई परियोजनाओं से मालवा और निमाड़ में कृषि के नए क्षेत्रों का विकास हुआ है, और यही गति सतना एवं कटनी क्षेत्रों के किसानों तक पहुँचाने का कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर से वीसी द्वारा कटनी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्लीमनाबाद की नई सिंचाई परियोजना से स्थानीय किसानों को अतिरिक्त जल संसाधन मिला है, जिससे खेती में सुधार हुआ है। कटनी को परंपरागत रूप से खनिज का गढ़ माना जाता था, पर अब शासन के प्रयासों से यहाँ चिया सीड, अश्वगंधा तथा सूखे मेवे काजू की प्रोसेसिंग जैसी आधुनिक खेती की संभावनाएँ शुरू हो रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती और जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, साथ ही पशुपालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। दीपावली के दौरान गोवर्धन पूजन के साथ ही प्रदेश के वृंदावन गांवों में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिसमें श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गायों के पालकों को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय के लिये पचास हजार रुपये और तृतीय के लिये पच्चीस हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। भविष्य में पशुपालन और मत्स्यपालन को भी समृद्ध बनाया जायेगा।

कटनी के उन्नतशील किसानों से संवाद में, किसान गोविंद पटेल ने बताया कि नरवाई प्रबंधन में हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर की मदद से अच्छी प्रगति हो रही है। शासन द्वारा नए यंत्रों पर 90,000 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है, जिससे किसान एक लाख 90 हजार तक के उपकरणों को 90 हजार की छूट पर खरीद सकते हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिले में एरिया चिन्हित कर उन किसानों को यंत्र प्रदान करने की योजना बनायी जाए।

किसान अंकित नवानी ने बताया कि उन्होंने केन्द्र शासन की पीएमएफएमई योजना के तहत 10 लाख रुपये की सब्सिडी लेकर काजू की प्रोसेसिंग शुरू की है, जिससे अब उन्हें बेहतर मुनाफा हो रहा है। अन्य किसान रामरूप पटेल ने बताया कि उनकी आठ एकड़ भूमि में एक एकड़ में मिर्ची, बैंगन, धान, गेहूं तथा बागवानी की विविध फसलें उगाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चंद्रभान कुशवाह एवं अन्य किसानों के साथ प्रेरक संवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *