Monday, October 26खबर जो असर करे |
Shadow

नाबालिग बेटी और प्रेमी के साथ मिलकर सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर की हत्या, दोनों गिरफ्तार

इटावा, 26 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत कांशीराम कॉलोनी में 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर की हत्या का खुलासा पुलिस ने इस रविवार को कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की नाबालिग बेटी और सह-अभियुक्त प्रेमी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि प्रेमी से बातचीत करने से रोकने पर बेटी ने अपने पिता को पहले चाय में नींद की गोली खिलाई और जब वह सो गये तब प्रेमी के साथ मिलकर पिता के हाथ पैर बाँधकर सिलबट्टा से चेहरा कुचलकर हत्या की थी। दाेनाें शव को घर में बक्से में छिपाकर भाग गए थे। पुलिस ने आरोपित के पास से हत्या में इस्तेमाल हुए सिलबट्टे धारदार चाकू और खून से सने हुए कपड़े बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पत्रकाराें को बताया कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत कांशीराम कॉलोनी में बीती रविवार को पुलिस ने घर के अंदर रखे बक्से से सुरक्षा कर्मी श्याम सुंदर का शव बरामद किया था। हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। बड़ी बेटी काजल ने हत्या का आरोप पिता के साथ रह रही नाबालिग बहन पर लगाया था। पुलिस ने शव का पेस्टमार्टम भेजकर हत्या के खुलासा के लिए सर्विलांस की मदद ली।

जांच में पता चला कि मृतक की छोटी बेटी अपने प्रेमी अभिलाष से फोन पर बात करती थी। पुलिस ने प्रेमी के घर बकेवर थाना क्षेत्र स्थित अहेरीपुर में छापा मारा। यहां से अभिलाष और हत्या के आरोपित सुरक्षा कर्मी की बेटी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अभिलाष से प्रेम करती और उसके साथ रहना चाहती है, लेकिन जब पिता को पता चला तो उन्होंने इसका विरोध करते हुए उसके साथ मारपीट की थी। इस बात से नाराज होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या की योजना बनाई थी। 21 अक्टूबर को उसने पिता श्याम सुंदर को चाय में नींद की गोली मिलाकर पिला दी। जब वह सो गए तो उसने अपने प्रेमी अभिलाष के साथ मिलकर पिता के हाथ पैर रस्सी से बाँधकर चाकू से गला काटने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर सिलबट्टे से पिता के चेहरे को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। शव को एक कंबल में लपेटकर बक्से में रखकर घर में ताला लगाकर भाग गए थे।

एसएसपी ने बताया कि पकड़ी गई मृतक की बेटी अभी नाबालिग है और उसका प्रेमी अभिलाष बालिग है। पिता की हत्या में जहां नाबालिग को सुधार गृह भेजा गया है, वहीं आरोपित को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *