Monday, October 26खबर जो असर करे |
Shadow

मुख्यमंत्री साय के प्रेमनगर दौरे की तैयारियाँ पूरी

सूरजपुर, 26 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। मुख्य मंत्री विष्णुदेव साय की 28 अक्टूबर को सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में प्रस्तावित दौरे के कार्यक्रम की तैयारियों के लिए, सोमवार को कलेक्टर रेना जमील और पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने नगर पंचायत प्रेमनगर में स्थित पुष्प वाटिका के समीप निर्धारित स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन और हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे और पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री वितरित की जाएगी। कार्यक्रम में तीरंदाजी प्रतियोगिता, युवा संवाद और दिव्यांगजनों के लिए शिविर आयोजित करने की भी योजना है।

कलेक्टर रेना जमील ने संबंधित अधिकारियों से सभी तैयारियों को निर्धारित तिथि से पहले पूरा करने को कहा, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, प्रसांत कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *