
सूरजपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 28 अक्टूबर को सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में प्रस्तावित दौरा है। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए सोमवार को कलेक्टर रेना जमील और पोलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने नगर पंचायत प्रेमनगर में पुष्प वाटिका के समीप निर्धारित स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन और हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ काम करने और कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए भी कहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियों की सुनिश्चितता पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्य का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे और पात्र हितग्राहियों को सामग्री वितरित की जाएगी। कार्यक्रम में तीरंदाजी प्रतियोगिता, युवा संवाद और दिव्यांगजनों के लिए शिविर आयोजित करने की भी योजना है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से सभी तैयारियों को निर्धारित तिथि से पहले पूरा करने की अनिवार्यता दोहराई, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
निरीक्षण में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, प्रशांत कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
